DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

ओडिशा से गांजा लेकर आ रहा तस्कर गिरफ्तार:खरीदार भी पकड़ा गया, रायगढ़ में 2.89 किलो गांजा समेत 2.40 लाख की संपत्ति जब्त

रायगढ़, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में सप्लायर और खरीदार, दोनों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 2.893 किलो गांजा, बाइक और मोबाइल फोन समेत लगभग 2.40 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति काले बैग में गांजा लेकर होंडा साइन बाइक से ओडिशा की ओर से चंद्रपुर होते हुए रायगढ़ आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने ग्राम बड़े भंडार में प्रियंका किराना स्टोर के सामने मुख्य सड़क पर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।

बाइक से गांजा लेकर आ रहा था आरोपी

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लब सा, उम्र 30 वर्ष, निवासी झारसुगुड़ा (ओडिशा) और वर्तमान पता चक्रधर कॉलोनी, चंद्रपुर, जिला सक्ती बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से तीन पैकेट में करीब 2.893 किलो गांजा मिला, जिसकी कीमत लगभग 1.40 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस ने गांजा और बाइक जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया।

फोन पर संपर्क कर मंगाया था गांजा

पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने गांजा मंगाने के आरोपी राजू दास महंत (39), निवासी बरमुड़ा, थाना कोतरारोड की तलाश की और उसे गांव से हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, राजू ने मोबाइल फोन के जरिए लब सा से संपर्क कर करीब तीन किलो गांजा मंगाया था।

इसके बदले कियोस्क बैंक ग्राहक सेवा केंद्र के माध्यम से 14,850 रुपए ट्रांसफर किए गए थे। पुलिस ने राजू के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

नशे के कारोबार पर कार्रवाई जारी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल सप्लायर और खरीदार, दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version