कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र में स्थित अटल आवास, साडा कॉलोनी में सांप के काटने से 18 वर्षीय करिश्मा खैरवार की मौत हो गई।
घटना रात की है जब करिश्मा अपनी मां के साथ सो रही थी। बिस्तर में छिपे करैत सांप ने उसे तीन बार काटा। पहली बार काटने पर करिश्मा को लगा कि कोई कीड़ा होगा और वह सो गई। दूसरी बार भी ऐसा ही हुआ। तीसरी बार काटने पर वह चीखते हुए उठी और तब बिस्तर में लिपटा सांप दिखा।

परिजन सांप को डिब्बे में रखकर डॉक्टर के पास ले गए
परिजनों ने 108 एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन एक घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। मजबूरन निजी वाहन से करिश्मा को कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। परिजन सांप को भी एक डिब्बे में रखकर डॉक्टर को दिखाने ले गए।
डॉक्टरों ने बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन तब तक जहर पूरे शरीर में फैल चुका था। उपचार के दौरान ही करिश्मा की मौत हो गई। जिला अस्पताल की पुलिस चौकी ने शव का पंचनामा कर परिजनों का बयान दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है।
