DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कुसमुंडा-खदान में जवान ने AK-47 से खुद को मारी गोली:कोरबा में सर्विस राइफल से की फायरिंग; मरने से पहले फोन पर की थी बात

कोरबा। जिले में SECL की कुसमुंडा खदान में ड्यूटी पर तैनात त्रिपुरा राइफल्स (TSR) के जवान ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौके पर मौत हो गई। वारदात शुक्रवार रात लगभग 11 बजे की है। मामला कुसमुंडा थाना क्षेत्र का है।

त्रिपुरा राइफल्स के जवान का नाम आज़ाद सिंह है। सर्विस राइफल (AK-47) से खुद पर फायरिंग की है। मौके पर खून ही खून बिखरा मिला।

SECL और त्रिपुरा राइफल्स के अधिकारी मौके पर पहुंचे

वारदात के बाद खदान में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। जानकारी मिलते ही SECL और त्रिपुरा राइफल्स के अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिर सूचना कुसमुंडा थाने को दी गई। वहीं पुलिस ने मौके से शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुंची

कुसमुंडा थाना प्रभारी निरीक्षक रूपक शर्मा ने बताया कि घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुंची है। खदान में इस तरह की यह पहली घटना है।

मरने से पहले फोन पर की थी बात

पुलिस ने बताया कि शव के पास से एक मोबाइल मिला है। वहीं हेडफोन भी गले के पास रखा हुआ था। अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत से पहले उसने किसी से फोन पर बातचीत की है। इसके बाद उसने यह कदम उठाया है।

पारिवारिक विवाद से जवान तनाव में था

SECL के PRO डॉ. सनीश चन्द्र ने बताया कि TSR आज़ाद सिंह शुक्रवार की रात सुरक्षा ड्यूटी में तैनात था। जवान ने खुद को कोल स्टाफ नंबर 29 के पास अपनी सर्विस राइफल से गोली मारी है। उनके साथियों ने जानकारी दी है कि पारिवारिक विवाद से जवान तनाव में था।

Exit mobile version