शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा- किसानों और संगठन के हित में सदैव तत्पर रहूंगा
कोरबा/पाली। नगर पंचायत पाली की राजनीति में सक्रिय और लगातार 2015 से तीसरी बार पार्षद के रूप में जनसेवा कर रहे भाजपा नेता विष्णु ताम्रकार (सोना) को भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी संगठनात्मक क्षमता और निरंतर सक्रियता को देखते हुए उन्हें भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा, छत्तीसगढ़ का ‘प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य’ नियुक्त किया गया है।
इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर सोना ताम्रकार ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की है। उन्होंने विशेष रूप से भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन कुमार साय, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर एवं भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी का हृदय से आभार माना है।
अपनी नियुक्ति के बाद जारी बयान में सोना ताम्रकार ने कहा कि, “पार्टी ने एक साधारण कार्यकर्ता पर जो अटूट विश्वास जताया है, मैं उस पर सदैव खरा उतरने हेतु प्रयासरत रहूंगा। मेरी प्राथमिकता केंद्र और राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना और संगठन को और अधिक मजबूत बनाना होगा।
ज्ञात हो कि सोना ताम्रकार पाली क्षेत्र में एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में जाने जाते हैं। उनकी इस नियुक्ति से पाली नगर के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में हर्ष का माहौल है।
