DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सोनिया ने नए कांग्रेस मुख्यालय का इनॉगरेशन किया:252 करोड़ रुपए खर्च; दावा- 500 मीटर दूर भाजपा ऑफिस ₹700 करोड़ में बना

नई दिल्ली ,एजेंसी। इंदिरा गांधी भवन’ 9A, कोटला रोड, नई दिल्ली यह कांग्रेस पार्टी का नया पता है। सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी के अन्य नेताओं के साथ बुधवार को इसका उद्घाटन किया।

करीब 46 साल बाद पार्टी ने अपना पता बदला है। इससे पहले पुराना ऑफिस 24, अकबर रोड था। नए ऑफिस की आधारशिला 2009 में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी ने रखी थी।

यह भाजपा मुख्यालय से 500 मीटर दूर है। इसे बनने में 252 करोड़ रुपए लगे। भाजपा दफ्तर डेढ़ साल में बना था। कांग्रेस नेता कमलनाथ ने 2019 में कहा था- भाजपा मुख्यालय 700 करोड़ में बना है।

भाजपा देशभर में 768 ऑफिस बना रही है। इनमें से 563 ऑफिस बनकर तैयार हैं, जबकि 96 पर काम चल रहा है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने पिछले साल अगस्त में इसकी जानकारी दी थी।

जब यही सवाल हमने कांग्रेस के मीडिया कोऑर्डिनेटर अमरीश रंजन से की तो उन्होंने बताया- दिल्ली के अलावा, हर राज्य और जिले में पार्टी दफ्तर हैं। कुछ ब्लॉक ऑफिस भी हैं। लेकिन उन्हें नंबर नहीं पता।

कांग्रेस के नए मुख्यालय की तस्वीरें…

कांग्रेस के नए मुख्यालय में तिरंगा फहराया गया। इस मौके पर मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी।

इंदिरा भवन पर राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी।

उद्घाटन के मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता।

इंदिरा भवन की यह तस्वीर रात के वक्त ली गई है। यह भाजपा दफ्तर से 500 मी. दूरी पर है।

भाजपा की वजह से दूसरी बार एंट्री पॉइंट बदला

कांग्रेस के नए ऑफिस का मेन एंट्रेंस बदल सामने नहीं, बल्कि पीछे के दरवाजे से है। इसकी वजह भाजपा है। दरअसल, ऑफिस का फ्रंट एंट्रेंस दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर है। ऐसे में एड्रेस पर यह नाम आता, इसलिए पार्टी ने फ्रंट एंट्रेंस के बजाय बैकडोर एंट्री यानी पिछले दरवाजे से एंट्रेंस चुना, जो कोटला रोड पर खुलता है।

70 के दशक में कांग्रेस का ऑफिस डॉ. राजेंद्र प्रसाद रोड पर था। इसका एड्रेस 3, रायसीना रोड था। इसके ठीक सामने 6, रायसीना रोड पर अटल बिहारी वाजपेयी रहा करते थे, इसलिए कांग्रेस ने यहां भी बैकडोर एंट्री चुनी थी।

1978 में कांग्रेस में टूट के बाद ऑफिस पार्टी सांसद जी वेंकटस्वामी को अलॉट बंगले 24, अकबर रोड में शिफ्ट किया गया था। तब से अब तक यह कांग्रेस मुख्यालय का पता रहा।

Exit mobile version