सीतापुर/रामपुर,एजेंसी। सपा नेता आजम खान 23 महीने बाद सीतापुर जेल से मंगलवार दोपहर रिहा हो गए। जेल से निकलने के बाद आजम ने बसपा में जाने के सवाल पर कहा- यह अटकलें लगाने वाले ही बता सकते हैं। मैं जेल में किसी से नहीं मिला। फोन करने तक की इजाजत नहीं थी।
अखिलेश ने कहा है कि सपा सरकार बनते ही आजम खान पर लगे सारे केस हटा दिए जाएंगे? मीडियाकर्मी के इस सवाल पर आजम चुप हो गए और मुस्कुरा दिए। आजम खान को 5 दिन पहले हाईकोर्ट ने बीयर बार पर कब्जे से जुड़े केस में जमानत दी थी। यह आखिरी मामला था, जिसमें उन्हें जमानत मिली। हालांकि, जमानत मिलते ही पुलिस ने शत्रु संपत्ति मामले में नई धाराएं जोड़ दीं।
20 सितंबर को रामपुर कोर्ट ने ये धाराएं खारिज कर दीं, जिससे रिहाई का रास्ता साफ हो गया। आजम पर 104 केस दर्ज हैं।
दोनों बेटे अदीब और अब्दुल्ला उन्हें लेने पहुंचे। वे 100 गाड़ियों के काफिले के साथ यहां से रामपुर के लिए रवाना हो गए। आजम की रिहाई सुबह 9 बजे होनी थी, लेकिन एक केस में 6 हजार जुर्माना नहीं भरा गया था। 10 बजे कोर्ट खुलने पर यह रकम जमा हुई। इसके बाद 12.30 बजे उनकी रिहाई हुई।
400 कार्यकर्ता लेने पहुंचे, 73 गाड़ियों का चालान कटा
आजम काला चश्मा, काली सदरी और सफेद कुर्ता पहने कार में ही बैठकर जेल से बाहर आए। हाथ हिलाकर समर्थकों का अभिवादन किया। उन्हें लेने के लिए मुरादाबाद सांसद रुचि वीरा और 400 से ज्यादा कार्यकर्ता पहुंचे। पुलिस ने 73 कार्यकर्ताओं की गाड़ियों का चालान भी काटा। कहा- ये सब नो पार्किंग जोन में खड़ी थीं।
चंद्रशेखर ने कहा- आजम खान मेरे भाई जैसे हैं
आजम की रिहाई पर आजाद समाज पार्टी के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा- मेरे उनके साथ पारिवारिक रिश्ते हैं। उन्होंने एक लंबा समय जेल में बिताया। इस सरकार ने उन पर बहुत जुल्म किया।
आजम के साथ चुनाव लड़ने के सवाल पर आजाद ने कहा- मेरे उनके साथ राजनीतिक रिश्ते नहीं हैं। मैंने कभी भी उनसे राजनीतिक बातें नहीं की। वो बड़े भाई हैं। मैं हमेशा उनके साथ खड़ा रहूंगा। मुझे नहीं पता की उन्हें राजनीति में क्या मिला क्या नहीं? लेकिन नुकसान जरूर हुआ है।
अखिलेश के सवाल पर चुप हुए और मुस्कुरा दिए
अखिलेश ने कहा है कि सपा सरकार बनते ही आजम खान पर लगे सारे केस हटा दिए जाएंगे? वह लखनऊ में आपके स्वागत का इंतजार कर रहे हैं। मीडियाकर्मी के इस सवाल पर आजम खान चुप हो गए और मुस्कुरा दिए। कहा- मैंने किसी के साथ बुरा नहीं किया। मैंने दुश्मनों के साथ भी बहुत अच्छा सलूक सही किया।
आजम का शायराना अंदाज- पत्ता-पत्ता बूटा-बूटा हाल हमारा जानेगा…
इतने दिन जेल में बिताने को लेकर आजम ने कहा- पत्ता पत्ता, बूटा बूटा हाल हमारा जानेगा। वहीं, राजनीति में वापसी के सवाल पर उन्होंने कहा- अभी तो अपना इलाज कराऊंगा। सेहत ठीक करेंगे अपनी। उसके बाद सोचेंगे।
बसपा में जाने पर आजम ने कहा- ये वही बता सकते हैं जो अटकलें लगा रहे
सीतापुर जेल से रिहा होने के बाद सपा नेता आजम खान ने कहा- सबका बहुत शुक्रिया। बहुत सी दुआएं उनके लिए (जिन्होंने समर्थन दिया)। बसपा में शामिल होने की अटकलों पर आजम कहा- यह केवल वही लोग बता सकते हैं, जो अटकलें लगा रहे हैं। मैं जेल में किसी से नहीं मिला। मुझे फोन करने की इजाजत नहीं थी, इसलिए मैं 5 साल तक पूरी तरह से बाहर के संपर्क में नहीं रहा।
आजम को भाजपा ने न जेल भिजवाया, न ही छुड़वाया
भाजपा नेता अपर्णा यादव ने कहा- आजम खान की रिहाई हुई है तो कोर्ट का जो निर्णय होगा, उसका सभी को सम्मान करना चाहिए। इसमें भाजपा का कोई लेना देना नहीं है। भाजपा ने न उन्हें जेल भिजवाया और न उन्हें छुड़वाया।
आजम खान किस पार्टी में जाएंगे, यह तो वही तय करेंगे- यूपी भाजपा अध्यक्ष
यूपी भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा- आजम खान सपा के संस्थापक सदस्य हैं। वह कहां जाएंगे, यह तो वही तय करेंगे। यह सब अफवाह है कि वह भाजपा के इशारे पर बसपा में जा रहे हैं। देश में और प्रदेश में कानून का राज है, कोर्ट के आदेश से वह जेल से रिहा हुए हैं।

