लखनऊ, एजेंसी। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को घोषणा-पत्र जारी किया। इसमें युवाओं को हर महीने रू.5,000 बेरोजगारी भत्ता देने, वृद्ध महिलाओं को सालाना रू.40 हजार और 1.5 लाख शिक्षा मित्रों को टीचर्स के बराबर वेतन देने का ऐलान किया है।
इसके अलावा, गरीब परिवारों को रू.10 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा देने, बंद स्कूलों को फिर से खोलने और पुरानी पेंशन बहाल करने की दिशा में काम करने का वादा किया।
अखिलेश ने कहा कि आशा, आंगनबाड़ी और ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों को अच्छा वेतन दिया जाएगा। उन्हें नौकरी में पक्का करने के लिए भी काम करेंगे।

अखिलेश के बड़े ऐलान: किसानों का कर्जा माफ, होगा 25 लाख सरकारी नौकरियां
गन्ना किसान: 24 घंटे में भुगतान के लिए रू.15 हजार करोड़ का फंड।
ग्रामीण विकास: गांवों के बुनियादी ढांचे पर रू.1.5 लाख करोड़ खर्च होंगे।
समाजवादी कैंटीन: महिलाओं और गरीबों को रू.5 में भोजन।
कर्ज माफी: किसानों का तत्काल कर्ज माफ होगा।
रोजगार: 5 साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां और 2-3 करोड़ युवाओं को रोजगार।
शहरी रोजगार: शहरों में रोजगार के लिए अर्बन एम्प्लॉयमेंट गारंटी एक्ट।
पेंशन: बुजुर्ग महिलाओं, मजदूरों, महिला श्रमिकों और कारीगरों को ₹40 हजार सालाना पेंशन।
अखिलेश बोले- गोमती के साथ वरुणा नदी भी साफ कराते
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर गोमती नदी की सफाई का काम एक किलोमीटर के दायरे में पूरा हो गया होता तो यह शहर के अंदर साफ बहने वाली पहली नदी होती। उन्होंने कहा कि लखनऊ के साथ वरुणा नदी को भी साफ कराने का काम करते।
अखिलेश बोले- माफिया और गुंडों पर तत्काल कार्रवाई होगी
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में किसी भी माफिया या गुंडे को पनपने नहीं दिया जाएगा। उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई होगी। व्यापारी, दुकानदार और उद्यमियों को कोई बाहुबली या गुंडा परेशान नहीं कर पाएगा। उनके उत्पीड़न को रोकने के लिए विशेष निगरानी की जाएगी। इसके तहत डायल-112 की गाड़ियां तैनात रहेंगी।
अखिलेश बोले- सरकारी अस्पतालों को खुद इलाज की जरूरत
अखिलेश यादव ने सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब वहां मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने मेडिकल लापरवाही का उदाहरण देते हुए बताया कि एक मरीज पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल में भर्ती हुआ था। सही इलाज न मिलने के कारण एक हफ्ते में उसका हाथ काटना पड़ा।
अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोगों ने उस मरीज का पूरा इलाज कराया। उसे आधुनिक कृत्रिम हाथ भी लगवाया गया। उन्होंने कहा कि जल्द ही उस व्यक्ति को कृत्रिम हाथ लगा हुआ दिखेगा, जिसका भाजपा सरकार में इलाज न मिलने के कारण हाथ काटना पड़ा था।
