DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

छठ पर दुर्ग-पटना और गोंदिया-पटना के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन:दोनों रूट पर एक–एक फेर चलेगी,रेलवे ने की समय रहते टिकट बुक करने की अपील

दुर्ग-भिलाई,एजेंसी। छठ पूजा के दौरान रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए विशेष व्यवस्था की है। बढ़ती भीड़ और आरक्षण की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने दुर्ग-पटना और गोंदिया-पटना के बीच एक-एक फेरे के लिए छठ स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। पटना जाने के लिए इन ट्रेनों में कुल 1055 आरक्षित बर्थ अभी खाली हैं, जिससे यात्रियों को सफर के लिए बेहतर मौका मिल रहा है।

रेल प्रशासन के अनुसार 08795 दुर्ग–पटना स्पेशल ट्रेन में 11:30 बजे तक कुल 517 सीटें खाली थीं। इसमें सेकेंड एसी में आरएसी 01, तृतीय एसी में 378 सीटें, स्लीपर क्लास में 53 सीटें और 3 इकोनॉमी कोच में 86 सीटें उपलब्ध हैं। यात्रियों को समय रहते टिकट करवाने की अपील रेलवे ने की है, ताकि छठ पूजा में बिहार जाने वाले यात्रियों को परेशानी न हो।

गोंदिया-पटना भी चलेगी एक फेर

इसी तरह 08889 गोंदिया–पटना स्पेशल ट्रेन में सुबह 11:30 बजे तक 538 सीटें खाली थीं। इनमें सेकंड एसी में 11 सीटें, तृतीय एसी में 1 सीट और स्लीपर क्लास में 526 सीटें शामिल हैं। यह ट्रेन एक बार चलने वाली विशेष सेवा है।

दुर्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालु जाते हैं बिहार और झारखंड

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दुर्ग समेत पूरे प्रदेश से छठ के समय बिहार और झारखंड की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या में काफी वृद्धि होती है। ऐसे में हर वर्ष की तरह इस बार भी यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है।

इन ट्रेनों के संचालन से छठ पर्व पर अपने घर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। त्योहारों के समय नियमित ट्रेनों में भारी प्रतीक्षा सूची के चलते बड़ी संख्या में यात्रियों को टिकट नहीं मिल पाता। इस स्थिति से निपटने के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।

वेबसाइट पर पूरी जानकारी उपलब्ध

रेलवे ने यह भी बताया कि स्पेशल ट्रेनों के समय, ठहराव और किराए की पूरी जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट और स्टेशनों पर जारी की जा रही है। दुर्ग-पटना और गोंदिया-पटना स्पेशल ट्रेनें केवल एक-एक फेरा चलेंगी। इसके लिए अधिकृत एजेंटों से ही टिकट लेने और किसी भी तरह की फर्जीवाड़े से बचने की अपील रेलवे ने की है।

Exit mobile version