जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने दुर्घटना संभावित स्थानों पर जरूरत के अनुसार स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर, कैट आई और रम्बल स्ट्रिप लगाने के निर्देश दिए।
रात में बेहतर दृश्यता के लिए पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और जरूरत के अनुसार सोलर लाइट लगाने के प्रस्ताव तैयार करने को कहा। सड़क सुरक्षा के कामों को पूरा करने के लिए सभी विभागों को आपसी तालमेल से काम करने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन सड़कों पर होगा रूट डायवर्जन
सड़क निर्माण के दौरान जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन करने और यातायात की उचित व्यवस्था बनाने को कहा गया, ताकि वाहन चालकों को परेशानी न हो।
राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों पर आवागमन में बाधा बन रहे अतिक्रमण को चिह्नित कर हटाने के निर्देश दिए गए। इसके लिए राजस्व, पुलिस, नगरीय निकाय, लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को मिलकर कार्रवाई करने को कहा गया।

आवारा मवेशियों पर नियंत्रण के निर्देश
बैठक में सड़कों पर आवारा मवेशियों की समस्या पर नियंत्रण, जरूरी यातायात संकेतक लगाने और सुरक्षा इंतजामों की नियमित निगरानी करने पर चर्चा हुई।
गोल्डन ऑवर में घायलों को मिलेगी तत्काल मदद
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर नियमित पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को गोल्डन ऑवर में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
