कोरबा। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, खरमोरा में शुक्रवार को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह के साथ मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष सभा से हुई, जहां छात्रों ने राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व और मेजर ध्यानचंद के प्रेरक जीवन पर भाषण दिए।
इसके बाद स्कूल परिसर में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल रहा। छात्रों के लिए टेनिस बॉल क्रिकेट मैच आयोजित किया, जिसमें कक्षा 12वीं की टीम का मुकाबला कक्षा 7वीं से 11वीं तक की संयुक्त टीम से हुआ। एक कड़े मुकाबले के बाद 7वीं से 11वीं कक्षा के छात्रों की युवा टीम विजयी रही। छात्राओं के लिए खो-खो खेल आयोजित किया, जिसमें कक्षा 7वीं से 11वीं और कक्षा 12वीं के बीच मुकाबला हुआ। कक्षा 12वीं की वरिष्ठ टीम ने शानदार रणनीति और तालमेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। प्राचार्य हेमंतो मुखर्जी ने छात्र जीवन में खेलों की भूमिका पर जोर दिया।
कहा कि खेल सिर्फ हार-जीत के बारे में नहीं होते, बल्कि वे चरित्र, अनुशासन और टीम वर्क की भावना का निर्माण करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि मेजर ध्यानचंद के सम्मान में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाना हमें अपने छात्रों में इन मूल्यों को विकसित करने और उन्हें स्वस्थ और सक्रिय जीवन जीने प्रोत्साहित करने का अवसर देता है।

