रवि भगत पर एक्शन- भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष बने राहुल:विभा को महिला मोर्चा की कमान, हेमंत पाणिग्रही मीडिया संयोजक, मुख्य प्रवक्ता संतोष पांडेय बने
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने अपनी प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए 47 नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। रवि भगत की जगह राहुल योगराज को भाजयुमो अध्यक्ष बनाया गया है। विभा अवस्थी महिला मोर्चा की अध्यक्ष चुनीं गई हैं। हेमंत पाणिग्रही को मीडिया संयोजक और संतोष पांडेय मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किए गए हैं।
संगठन विस्तार में 4 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री, 8 मंत्री, 4 संगठन सचिव, 6 सह मंत्री और 22 सदस्य शामिल किए गए हैं। इनमें 8 मंत्रियों को अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि हर मोर्चे पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाई जा सके।
साथ ही जातीय, क्षेत्रीय और महिला प्रतिनिधित्व पर फोकस किया गया है। पार्टी के मुताबिक, यह नियुक्तियां आगामी चुनावी तैयारियों और संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से की गई हैं।
देखिए लिस्ट-

भाजपा की नई टीम को लेकर नेताओं के रिएक्शन
रवि भगत को कीमत चुकानी पड़ी- भूपेश
भूपेश बघेल ने भाजपा की नई टीम को लेकर सोशल मीडिया साइट X पर पोस्ट कर तंज कसा है। उनके मुताबिक रवि भगत ने अडानी को लेकर DMF और CSR में भ्रष्टाचार पर सवाल खड़े किए थे।
इसलिए उनपर एक्शन लिया गया है। एक आदिवासी युवा नेता को यह संदेश दिया गया है कि अडानी की टीम के खिलाफ बोलोगे तो कीमत चुकानी पड़ेगी। आदिवासियों का जल-जंगल-जमीन छीनने के बाद अब भाजपा आदिवासियों से नेतृत्व भी छीन रही है।
भाजपा में गुटबाजी चरम पर- धनेंद्र साहू
कांग्रेस नेता धनेंद्र साहू ने कहा कि किरण सिंह देव के दोबारा अध्यक्ष बनने के डेढ़ साल बाद कार्यकारिणी की घोषणा हुई। पुराने सभी पदाधिकारियों को बदलना बढ़ते अविश्वास की ओर इशारा करता है। पार्टी में गुटबाजी चरम पर है।
अलग-अलग कार्यक्रमों में मिलेगी जिम्मेदारी
प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में हुई बैठक में नए पदाधिकारियों के नामों पर सहमति बनी। नए उपाध्यक्षों को पार्टी की रणनीति निर्माण और जनसंपर्क कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी जाएगी, जबकि महामंत्री संगठनात्मक कार्यों और कार्यक्रमों के संचालन का नेतृत्व करेंगे।
जातीय, क्षेत्रीय और महिला प्रतिनिधित्व पर फोकस
भाजपा ने प्रदेश कार्यकारिणी के विस्तार में संतुलित समीकरण साधने की कोशिश की है। 8 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री और 4 मंत्रियों की टीम में संगठन ने जातीय, भौगोलिक और महिला प्रतिनिधित्व का ध्यान रखा है। जातीय संतुलन देखे तो सूची में ओबीसी, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और सामान्य वर्ग सभी को जगह मिली है।
ओबीसी वर्ग से सतीश लाटिया, शिवनाथ यादव और यशवंत जैन जैसे नाम, तो अनुसूचित जनजाति से जयंती पटेल और संध्या परघनिया को शामिल किया गया है। अनुसूचित जाति से अमित साहू और सामान्य वर्गों से जी. वेंकटेश्वर और प्रबल प्रताप सिंह जूदेव को जगह मिली है।
महिला नेतृत्व का भी रखा गया ध्यान
BJP संगठन विस्तार आदेश में महिला नेतृत्व का पूरा ध्यान रखा गया है। रूपकुमारी चौधरी, रंजना साहू, संध्या परघनिया और जयंती पटेल को प्रमुख जिम्मेदारियां देकर महिला नेतृत्व को मजबूती देने का संदेश दिया गया है।
अलग-अलग जिलों से लिए गए पदाधिकारी
पदाधिकारियों की लिस्ट में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से नेताओं को शामिल कर संगठन ने यह संकेत दिया है कि टीम का असर पूरे राज्य में होगा। जशपुर, रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, सरगुजा और बस्तर क्षेत्रों से प्रतिनिधित्व दिया गया है।
राजनीतिक विशेषज्ञ का कहना है कि यह टीम विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में जोश भरने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए बनाई गई है। इसमें अनुभवी चेहरों के साथ युवा नेताओं को भी अहम जिम्मेदारियां देकर संतुलन साधा गया है।
