मुंबई, एजेंसी। तेल की कीमतों में नरमी और वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को तेजी दर्ज की गई। अमेरिका-ईरान शांति वार्ता में प्रगति की उम्मीदों ने भी निवेशकों का मनोबल बढ़ाया है। बीएसई सेंसेक्स 231.99 अंक चढ़कर 75,415.35 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 64.60 अंक की बढ़त के साथ 23,719.30 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर लाभ में रहे। वहीं पावर ग्रिड, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और आईटीसी के शेयर में गिरावट दर्ज की गई। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में रहे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.59 प्रतिशत की बढ़त के साथ 104.21 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,891.21 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 135.03 अंक और निफ्टी 4.30 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।
