DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

शेयर बाजार की तेजी पर लगा ब्रेक, Sensex-Nifty धड़ाम, अचानक क्यों आई गिरावट?

मुंबई, एजेंसी। दो दिन की तेजी के बाद मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में भारी मुनाफावसूली से गिरावट आई और सेंसेक्स 1,484 अंक से अधिक टूटकर चार महीने से ज्यादा समय की सबसे बड़ी एकदिवसीय गिरावट के साथ बंद हुआ जबकि निफ्टी 25,350 अंक के नीचे आ गया। इस गिरावट के कारण निवेशकों के एक ही दिन में 5.19 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा डूब गए।

विश्लेषकों के मुताबिक, बैंकों, वित्तीय और धातु कंपनियों के शेयरों में बिकवाली तथा हाल की तेजी के बाद निवेशकों के मुनाफावसूली करने से बाजार में गिरावट आई। अमेरिकी और एशियाई प्रौद्योगिकी शेयरों समेत वैश्विक बाजारों में तेज बिकवाली से घरेलू बाजार की धारणा प्रभावित हुई। 

बी.एस.ई. का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती बढ़त गंवाने के बाद 1,483.72 अंक यानी 1.77 प्रतिशत टूटकर 82,435.99 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,523.83 अंक यानी 1.81 प्रतिशत गिरकर 82,395.88 अंक पर आ गया था। 

इसी तरह, एन.एस.ई. का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 450.95 अंक यानी 1.75 प्रतिशत गिरकर 25,349.65 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी में भी इस साल आठ जुलाई के बाद एक सत्र की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में टाटा स्टील का शेयर सबसे अधिक 8.16 प्रतिशत गिरा। कंपनी ने एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड में प्रवर्तकों की 26.6 प्रतिशत हिस्सेदारी 15,510 करोड़ रुपए में खरीदने का समझौता किया है। 

निवेशकों को कितना नुकसान?

एक कारोबारी दिन पहले यानी 20 नवंबर को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप 5,14,18,274.69 करोड़ रुपए था। 23 नवंबर को यह घटकर 5,08,98,444.87 करोड़ रुपए रह गया। इसका मतलब हुआ कि निवेशकों की पूंजी में आज 519,829.82 करोड़ रुपए की गिरावट आई है।

बाजार में अचानक क्यों आई गिरावट?

ट्रंप की ईरान को नई धमकी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को लेकर दी गई नई चेतावनी ने वैश्विक बाजारों की चिंता बढ़ा दी। ट्रंप ने संकेत दिया कि बातचीत से समझौता नहीं होने पर नए साल में ईरान पर फिर हमले किए जा सकते हैं। इससे भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने की आशंका पैदा हुई।

बैंकिंग और मेटल शेयरों में बिकवाली

बाजार पर सबसे ज्यादा दबाव बैंकिंग और मेटल सेक्टर से आया। निफ्टी मेटल में 3 फीसदी से ज्यादा की गिरावट रही, जबकि निफ्टी पीएसयू बैंक और प्राइवेट बैंक इंडेक्स 2 फीसदी से अधिक टूटे। दूसरी ओर आईटी शेयरों में खरीदारी देखने को मिली और निफ्टी आईटी डेढ़ फीसदी से ज्यादा चढ़ा।

एक्सपायरी के कारण बढ़ी उठापटक

निफ्टी, बैंक निफ्टी और अन्य प्रमुख इंडेक्स के डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट्स की एक्सपायरी के कारण बाजार में तेज उतार-चढ़ाव रहा। एसबीआई और वोडाफोन आइडिया समेत 218 शेयरों के फ्यूचर एंड ऑप्शन कॉन्ट्रैक्ट्स की एक्सपायरी ने भी कारोबार को प्रभावित किया।

India VIX में उछाल

बाजार में डर और अस्थिरता का संकेत देने वाला इंडिया VIX करीब 5.75 फीसदी उछलकर 18.32 पर पहुंच गया। इससे शॉर्ट टर्म में बाजार में ज्यादा उतार-चढ़ाव की आशंका बढ़ गई।

निवेशकों ने की मुनाफावसूली

इस महीने सेंसेक्स और निफ्टी में करीब 12 फीसदी की तेजी आ चुकी थी। ऐसे में ऊंचे स्तरों पर निवेशकों ने मुनाफा निकालना शुरू कर दिया, जिससे बाजार की शुरुआती बढ़त पूरी तरह गायब हो गई।

Exit mobile version