DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

चोरी का कैम्पर वाहन पेड़ से टकराया:कोरबा में चोरी करने के बाद भाग रहे थे बदमाश, वाहन छोड़कर फरार

कोरबा। कोरबा के कुसमुंडा इलाके में शनिवार रात चोरी की एक घटना सामने आई। चोरों का चुराया एक कैम्पर वाहन पेड़ से टकरा गया। जिसके बाद चोर उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह घटना एक कोयला व्यवसायी के वाहन के साथ हुई। चोरों ने वाहन को चोरी करने के इरादे से स्टार्ट किया और भागने की कोशिश की। वाहन बेकाबू होकर सामने खड़े एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर से वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और चोर उसे लेकर भागने में असफल रहे।

नर्सरी जंगल में पेड़ से टकराई गाड़ी

वाहन मालिक लक्ष्मी दास ने बताया कि, उनके ड्राइवर ने रात में गाड़ी घर के बाहर खड़ी की थी। सुबह करीब 7 बजे जब ड्राइवर चाबी लेने पहुंचा, तो वाहन अपनी जगह पर नहीं था। बाद में, गाड़ी घर से थोड़ी दूर नर्सरी जंगल में एक पेड़ से टकराई हुई क्षतिग्रस्त हालत में मिली। मौके पर खून के निशान भी पाए गए, जिससे आशंका है कि चोर दुर्घटना के बाद घायल होकर फरार हुए।

लक्ष्मी दास ने इस संबंध में कुसमुंडा थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। कुसमुंडा क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

कुछ दिन पहले कपड़े की दुकान में हुई थी चोरी

कुछ दिन पहले गुरुद्वारा परिसर स्थित “नेहा रेडीमेड” कपड़े की दुकान में भी चोरी हुई थी। इससे पहले भी कुसमुंडा में एक अन्य दुकान को निशाना बनाया गया था। स्थानीय व्यापारियों और कॉलोनीवासियों ने पुलिस गश्त में कमी को लेकर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि रात के समय गश्त कम होने के कारण चोर आसानी से वारदातों को अंजाम देकर भाग निकलते हैं।

Exit mobile version