कोरबा। कोरबा में कटघोरा पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए 14 लाख रुपए कीमत का ट्रैक्टर बरामद किया है। यह ट्रैक्टर बिंझरा रेलवे साइडिंग से चोरी हुआ था, जिसे पुलिस ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्राम गिरारी से बरामद किया। पुलिस ने इस मामले में मध्यप्रदेश के अनूपपुर के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वह अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ा बताया जा रहा है।

खराब होने पर रेलवे साइट पर खड़ा किया था ट्रैक्टर
पुलिस के मुताबिक, दीपका के उर्जानगर के आयुष कुमार ने 24 नवंबर 2026 को कटघोरा थाने में ट्रैक्टर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनकी कंपनी सासा इंटरप्राइजेस के नाम पर रजिस्टर्ड जॉन डियर 5210 ट्रैक्टर (CG 12 BR 9376) तिवेंचा कंपनी की रेलवे लाइन निर्माण साइट पर काम में लगा था।
4 नवंबर को ट्रैक्टर खराब हो गया था। इसके बाद उसे निर्माणाधीन बिंझरा रेलवे स्टेशन के ब्रिज नंबर 26 के पास खड़ा कर दिया गया। ड्राइवर और कर्मचारी छुट्टी पर चले गए थे। 22 नवंबर को जब वे काम पर लौटे तो ट्रैक्टर वहां नहीं मिला।
बिना चाबी के स्टार्ट कर ले गया ट्रैक्टर
मामले की जांच के लिए पुलिस ने टीम बनाई। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि रेलवे साइडिंग में काम करने वाली शिवा कृति कंपनी में ट्रैक्टर चलाने वाले रमेश केंवट को कुछ दिन पहले जॉन डियर ट्रैक्टर जटगा की ओर ले जाते देखा गया था।
पुलिस ने ग्राम बिंझरा से संदेही रमेश कुमार केंवट को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने ट्रैक्टर चोरी करना कबूल किया। आरोपी ने बताया कि उसने बिना चाबी के ट्रैक्टर को सीधे स्टार्ट किया और हल्की मरम्मत करने के बाद वहां से ले गया। इसके बाद उसने ट्रैक्टर को पेंड्रा के पास ग्राम गिरारी बस्ती के भरी टिकरा में छिपा दिया था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वहां से चोरी का ट्रैक्टर बरामद कर लिया।
मध्यप्रदेश का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रमेश कुमार केंवट मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले का रहने वाला है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब गिरोह के दूसरे सदस्यों की तलाश कर रही है।
