DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

2 करोड़ के सोने-चांदी की लूट की कहानी निकली झूठी:कर्ज से बचने व्यापारी ने रची थी साजिश, 100+ CCTV कैमरे खंगालने के बाद खुलासा

बीजापुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नेशनल हाईवे-63 पर पांडेमुर्गा चौक के पास करीब 2 करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवर और कैश लूट का मामला फर्जी निकला। गीदम के एक सराफा व्यापारी ने कर्ज चुकाने के दबाव से बचने के लिए लूट की पूरी कहानी गढ़ी थी। उसने इस साजिश में अपने साथ जा रहे कपड़ा व्यापारी और तूफान वाहन के ड्राइवर को भी शामिल कर लिया था।

तीनों ने पुलिस को बताया था कि रास्ते में तीन हथियारबंद लोगों ने उन्हें रोककर पिस्टल और चाकू दिखाया और जेवर, कैश के साथ मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने तीन विशेष टीमें बनाईं। आसपास के जिलों और दूसरे राज्यों की सीमाओं पर नाकाबंदी कराई गई। पुलिस ने 100 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और करीब 16 घंटे तक लगातार जांच की।

इस दौरान लूटे गए तीनों मोबाइल हाईवे किनारे जंगल में एक ही जगह सुरक्षित और चालू हालत में मिल गए। इसके बाद पुलिस को पूरी घटना पर संदेह हुआ। तीनों से अलग-अलग पूछताछ की गई। पूछताछ और तकनीकी सबूतों की जांच में सामने आया कि लूट की कोई वारदात हुई ही नहीं थी। घटना नेलसनार थाना इलाके की है।

गीदम निवासी सोना-चांदी व्यापारी स्वरूप सोनी।

गीदम निवासी सोना-चांदी व्यापारी स्वरूप सोनी।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, गीदम निवासी स्वरूप सोनी भैरमगढ़ में सोने-चांदी की दुकान संचालित करता है। 9 नवंबर को शाम करीब 6 बजे वह अपनी दुकान से तूफान वाहन में गीदम लौट रहा था। उसके साथ कपड़ा व्यापारी ललित बुरड़ और वाहन चालक देवेंद्र ठाकुर भी थे। शाम करीब 6:45 बजे तीनों ने थाना नेलसनार पहुंचकर पुलिस को लूट की सूचना दी।

उन्होंने बताया कि नेशनल हाईवे-63 पर पांडेमुर्गा के आसपास जंगल के पास तीन अज्ञात लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पिस्टल और चाकू जैसे हथियार दिखाकर धमकाया और उनके पास रखे बैग को लूट लिया। बैग में करीब 2 करोड़ रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी होने की बात कही गई। तीनों के मोबाइल फोन भी लूटने का दावा किया गया।

SP ने बनाई तीन टीमें, सीमाओं पर कराई नाकाबंदी

लूट की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नेलसनार ने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया। बीजापुर जिले के साथ आसपास के सीमावर्ती जिलों और दूसरे राज्यों की सीमाओं पर भी नाकाबंदी कराई गई।

पुलिस अधीक्षक खुद पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे थे। टीमों को घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर जांच करने, संदिग्ध वाहनों की जानकारी जुटाने और CCTV फुटेज की पड़ताल करने की जिम्मेदारी दी गई।

100 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगाले, 16 घंटे तक चली जांच

पुलिस की टीमों ने हाईवे और आसपास के इलाकों में लगे 100 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। करीब 16 घंटे तक लगातार नाकाबंदी और जांच जारी रही। इसी बीच लूटे गए मोबाइल फोन की लोकेशन मिली। पुलिस ने तलाश की तो तीनों मोबाइल हाईवे किनारे जंगल में एक ही जगह पर मिले।

तीनों मोबाइल सुरक्षित और चालू हालत में थे। तीनों फोन एक साथ मिलने के बाद पुलिस को लूट की कहानी पर शक हुआ। अगर हथियारबंद लुटेरे मोबाइल लेकर फरार हुए थे तो तीनों फोन एक ही जगह पर सुरक्षित कैसे मिले? इसी सवाल के आधार पर पुलिस ने जांच की दिशा बदली।

कर्ज में डूबा था व्यापारी, अलग-अलग बयान देने लगे तीनों

मोबाइल मिलने के बाद पुलिस ने स्वरूप सोनी, ललित बुरड़ और ड्राइवर देवेंद्र ठाकुर से अलग-अलग पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर तीनों के बयानों की जांच की गई। पूछताछ के दौरान उनके बयान अलग-अलग आने लगे।

पुलिस ने जब व्यापारी की आर्थिक स्थिति और उसके पिछले लेन-देन की जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह काफी कर्ज में था। उस पर लगातार कर्ज चुकाने का दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस ने इस जानकारी के आधार पर उससे पूछताछ की तो पूरी कहानी सामने आ गई।

कर्ज चुकाने की स्थिति में नहीं था, इसलिए रची लूट की साजिश

पुलिस के मुताबिक, स्वरूप सोनी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसके साथ कोई लूट नहीं हुई थी। उस पर कर्ज चुकाने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था, लेकिन वह फिलहाल कर्ज लौटाने की स्थिति में नहीं था। इसी परेशानी से बचने के लिए उसने लूट की झूठी कहानी बनाई।

उसने बताया कि इस कहानी में कपड़ा व्यापारी ललित बुरड़ और तूफान वाहन चालक देवेंद्र ठाकुर को भी शामिल किया था। तीनों ने मिलकर पुलिस को यह बताया कि रास्ते में हथियारबंद लोगों ने उनसे करीब 2 करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवर, कैश और मोबाइल लूट लिए हैं। पुलिस के मुताबिक, तीनों ने झूठी कहानी के जरिए जांच को दूसरी दिशा में ले जाने की कोशिश की।

तीन थाना प्रभारियों की टीम ने किया खुलासा

पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में गठित तीन टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर मामले की जांच की। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल और भैरमगढ़ SDOP नवीन एक्का के निर्देशन में बीजापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश शर्मा, भैरमगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश तिवारी और नेलसनार थाना प्रभारी निरीक्षक विवेकानंद पटेल की टीमें शामिल रहीं।

पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने लोगों से अपील की है कि पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी सूचना या शिकायत न दें। इस तरह की झूठी रिपोर्ट देना आपराधिक कृत्य है और ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

Exit mobile version