DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

एनएचअंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग पर आवारा पशुओं का जमावड़ा, हादसे की आशंका

कोरबा/पाली। अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाली विकासखंड के कोसाबाड़ी के पास इन दिनों आवारा मवेशियों का जमावड़ा वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। सड़क पर रोजाना बड़ी संख्या में मवेशी बैठे और विचरण करते नजर आते हैं। इसके कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कभी भी गंभीर सड़क दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार कोसाबाड़ी के आसपास सैकड़ों की संख्या में मवेशी सड़क के किनारे अथवा कई बार सड़क के बीचों-बीच बैठे रहते हैं। तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के सामने अचानक मवेशी आ जाने से वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है। ऐसी स्थिति में वाहन अनियंत्रित होने तथा पीछे से आ रहे वाहनों के टकराने की भी आशंका बनी रहती है।
गौधाम खुलने के बाद भी समस्या जस की तस

पाली विकासखंड में आवारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से गौधाम की व्यवस्था किए जाने के बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग पर मवेशियों का जमावड़ा कम होता नजर नहीं आ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आवारा पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की नियमित व्यवस्था की जाए तो सड़क पर मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
रात के समय बढ़ जाता है खतरा

राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवारा पशुओं की मौजूदगी रात के समय और भी अधिक खतरनाक हो जाती है। अंधेरे में सड़क पर बैठे काले या गहरे रंग के मवेशी वाहन चालकों को दूर से दिखाई नहीं देते। अचानक सामने आने पर दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर दिन-रात भारी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है, ऐसे में सड़क पर मवेशियों का बैठे रहना गंभीर सुरक्षा का विषय है।

Exit mobile version