रायपुर/जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की सख्त चेतावनी के बाद भी कार पर स्टंटबाजी नहीं थम रही है। सोशल मीडिया पर कार की बोनट पर बैठकर और विंडो से निकलकर स्टूडेंट्स के स्टंट के 3 नए वीडियो वायरल हो रहे हैं।
पहला मामला जांजगीर-चांपा जिले के जीएलडी स्कूल का है, जहां फेयरवेल पार्टी में कुछ स्टूडेंट्स कार के बोनट पर बैठकर स्कूल में एंट्री की। दूसरा मामला सूरजपुर जिले के विश्रामपुर के डीएवी पब्लिक स्कूल का है। यहां छात्र नेशनल हाईवे पर फोर व्हीलर के विंडो से लटककर स्टंट किया।
5 कारों में सवार छात्र वाहन से लटककर हूटर बजाते हुए हाईवे से गुजरे। तीसरा मामला धरसींवा के कुंरा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल का है। फेयरवेल के दौरान कुछ छात्र कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट करते हुए दिखाई दिए।
स्टूडेंट के स्टंट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसकी जानकारी मिलते ही सरगुजा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 वाहनों को जब्त कर लिया है। जबकि जांजगीर में पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालान काटे हैं। वहीं धरसींवा मामले में कार्रवाई नहीं हुई है।
सूरजपुर में गाड़ी की खिड़की से बाहर निकलकर स्टंटबाजी।
जांजगीर-चांपा में कार की बोनट पर बैठकर आए स्टूडेंट्स।
धरसींवा के स्कूल में फेयरवेल पार्टी में स्टंट करते नजर आए छात्र।
केस-1
सूरजपुर में फेयरवेल पार्टी हूटर बजाते पहुंचे स्टूडेंट्स
सूरजपुर जिले में फेयरवेल पार्टी के दौरान डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्रों ने नेशनल हाईवे पर खतरनाक स्टंट किए। छात्र 5 फोर व्हीलर में सवार होकर हाईवे से गुजरे और गाड़ियों से बाहर लटकते हुए हूटर बजाते नजर आए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पांचों गाड़ियों को जब्त कर लिया। यह मामला विश्रामपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को डीएवी पब्लिक स्कूल विश्रामपुर में फेयरवेल था। इसमें शामिल होने के लिए छात्र पांच गाड़ियों में बैठकर नेशनल हाईवे पर रैली निकालते हुए पहुंचे। इस दौरान वे गाड़ियों से बाहर खड़े होकर और लटककर स्टंट करते रहे। छात्रों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस को सूचना मिली। इसके बाद विश्रामपुर पुलिस स्कूल पहुंची और जांच की। स्टंट में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो, क्रेटा, डस्टर और किया सेल्टॉस सहित 5 गाड़ियां स्कूल के बाहर खड़ी मिलीं, लेकिन गाड़ियां चलाने वाले छात्र मौके पर नहीं थे।
पुलिस ने बताया कि ये गाड़ियां छात्रों के परिजनों की थीं और इन्हें स्कूल के छात्र ही चला रहे थे। सभी गाड़ियों को जब्त कर लिया गया है। इस मामले में जांच अधिकारी विश्रामपुर थाने के एसआई विष्णुदेव पैकरा ने बताया कि वाहन चालकों के नहीं मिलने पर सभी वाहन मालिकों को थाने बुलाया गया है। सभी गाड़ियों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
फेयरवेल पार्टी के दौरान डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्रों ने नेशनल हाईवे पर खतरनाक स्टंट किए।
केस-2
जांजगीर-चांपा में कार के बोनट पर बैठकर स्टूडेंट्स की एंट्री
जांजगीर-चांपा जिले के खैरताल स्थित जीएलडी स्कूल में फेयरवेल पार्टी के दौरान छात्रों की खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। छात्र-छात्राएं कार की खिड़कियों से बाहर लटकते नजर आए, वहीं कुछ कार के बोनट पर बैठकर शान से स्टंट करते रहे।
यह घटना 4 फरवरी को स्कूल के फेयरवेल पार्टी के दौरान की बताई जा रही है। वायरल वीडियो के आधार पर नवागढ़ पुलिस ने गाड़ियों के नंबर निकाले और वाहन चालकों की पहचान की।
फेयरवेल पार्टी के दौरान छात्रों की खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।
पुलिस ने वाहन चालकों को पकड़कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की। हर वाहन चालक पर 2800 रुपए का चालान काटा गया। साथ ही पुलिस ने सभी को समझाइश दी कि इस तरह की लापरवाही न सिर्फ उनकी जान के लिए खतरनाक है, बल्कि दूसरों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल सकती है।
पुलिस ने साफ कहा है कि भविष्य में अगर इस तरह की स्टंटबाजी या नियम तोड़ते हुए वाहन चलाते पाए गए तो और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वाहन चालकों को पकड़कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
केस-3
कार की खिड़कियों और दरवाजों से बाहर निकलकर स्टंट
धरसींवा क्षेत्र के नगर पंचायत कुंरा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में भी फेयरवेल में शामिल होने आए कुछ छात्र कार की खिड़कियों और दरवाजों से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट करते हुए दिखाई दिए।
छात्र चलती कार में खड़े होकर हाथ लहराते रहे और जश्न मनाते रहे। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस मामले की जांच करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
फेयरवेल कार्यक्रम में छात्र कार और ट्रैक्टर से स्कूल पहुंचे थे।
इस दौरान कुछ छात्र हॉकी स्टिक लेकर डांस करते नजर आए।
हाईकोर्ट की चेतावनी, फिर भी नहीं थम रही स्टंटबाजी
बता दें कि युवाओं में रील्स बनाने और सोशल मीडिया पर वायरल होने का क्रेज बढ़ता जा रहा है। रील्स बनाने के चक्कर में युवा जान जोखिम में डालकर नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। इससे पहले रतनपुर रोड पर नेशनल हाईवे रोककर तलवार से केक काटकर बर्थडे सेलिब्रेट करने का वीडियो सामने आया था।
मस्तूरी रोड पर गाड़ियों के काफिले में दरवाजे से बाहर निकलकर रील्स बनाने और पुराना रिवरव्यू में बाइक से स्टंट करने वाले वीडियो वायरल हो चुके हैं। इन घटनाओं पर हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई थी। शासन-प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
