DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

नेपाल की बाढ़ से गंडक नदी में अचानक पानी बढ़ा:बैराज के 36 गेट खोले गए, मोतिहारी-गोपालगंज समेत बिहार के 8 जिलों में हाई अलर्ट

पटना, एजेंसी। नेपाल के रसुवा जिले में बाढ़ से तबाही के बाद बिहार की गंडक नदी में अचानक पानी बढ़ गया। बिहार के बागहा स्थित गंडक बैराज के 36 गेट खोल दिए गए हैं।

केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, इस बाढ़ के बाद गंडक में 3 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं, फ्लैश फ्लड आने की भी आशंका है।

बिहार के 8 जिलों में हाईअलर्ट जारी किया गया है। ये जिले पश्चिमी चंपारण (बगहा), पूर्वी चंपारण (मोतिहारी), गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी और शिवहर हैं।

बिहार के CM सम्राट चौधरी ने अधिकारियों के साथ बैठक की। अधिकारियों को अलर्ट रहने और स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने CM सम्राट चौधरी को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए NDRF को भी तैनात किया जा रहा है।

अब तक प्रशासन ने क्या-क्या किया

  • नेपाल का पानी आने से पहले बैराज से एक लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
  • बैराज के पानी से जुड़ने वाली कई नहरों को भी खाली कर लिया गया है।
  • नेपाल से आने वाले पानी के लिए बैराज में जगह बनाई जा रही है।
  • गंडक नदी के किनारे बसे लोगों को ऊंचे स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।
  • NDRF-SDRF की टीम संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों में तैनात की गई है।

गंडक नदी में बढ़ रहा पानी

दोपहर 12 बजे- गंडक नदी में पानी का बहाव सामान्य था।

दोपहर 3 बजे- बगहा में गंडक नदी में पानी का बहाव तेज हो गया है।

कितना असर डाल सकता है नेपाल से आ रहा पानी

  1. नेपाल से आने वाले पानी की चौड़ाई 22 मीटर, गंडक नदी की 200 मीटर
  2. नेपाल के जिस नदी से पानी आ रहा है, उसकी चौड़ाई करीब 22 मीटर है, जबकि गंडक नदी करीब 200 मीटर चौड़ी है। आगे चलकर यह पानी गंडक और कोसी नदी में बंटेगा।
  3. गंडक में 3-4 लाख क्यूसेक पानी आने का अनुमान
  4. गंडक नदी में करीब 3 से 4 लाख क्यूसेक पानी आने का अनुमान है। गंडक के तेज बहाव को देखते हुए आसपास के गांवों को खाली कराया गया है।
  5. बैराज पर खतरा नहीं, तेज बहाव चिंता
  6. वाल्मीकिनगर गंडक बैराज को करीब 8.5 लाख क्यूसेक पानी का दबाव झेलने के हिसाब से डिजाइन किया गया है। इसलिए 3 से 4 लाख क्यूसेक पानी आने पर फिलहाल बैराज पर खतरे की आशंका नहीं है। सबसे बड़ी चिंता तेज करंट को लेकर है, जिससे नदी में नाव चलाना जोखिम भरा हो सकता है।

बाढ़ के खतरे को देखते हुए बगहा में लोग सारा सामान लेकर सुरक्षित स्थान पर जाते दिखे।

बगहा में टीम लोगों को निचले इलाकों से दूर रहने को कह रही है।

नेपाल बॉर्डर पर आवाजाही रोकी

बगहा में बॉर्डर पर नाकेबंदी की गई है। बिहार के जो लोग नेपाल में फंसे हैं, उन्हें भारत आने दिया जा रहा है। नेपाल के जो लोग बिहार में फंसे हैं, उन्हें नेपाल जाने दिया जा रहा है। अन्य लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।

खबर से जुड़े हाईलाइट्स

  • वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से दोपहर 12 बजे 86 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
  • नेपाल के देवघाट में नारायणी नदी का जलस्तर अभी 4.77m है। यहां चेतावनी स्तर 7.30m और खतरे का निशान 9 मीटर है।
  • देवघाट में पानी बढ़ने के बाद गंडक बैराज तक पहुंचने में करीब 3.5 घंटे लग सकते हैं।
  • एहतियात के तौर पर गंडक बैराज के सभी 36 गेट खोल दिए गए हैं।
  • मुजफ्फरपुर में SDM, BDO और CO ने मौके पर पहुंचकर बांध की स्थिति और आसपास के इलाकों का जायजा लिया।
  • वाल्मीकि नगर में प्रशासन की तरफ से माइकिंग की जा रही है। नदी से दूर रहने को कहा जा रहा है।
  • पूर्णिया के अमौर, बायसी और बैसा प्रखंड में भी प्रशासन अलर्ट है। माइकिंग की जा रही है।
  • गोपालगंज के 6 प्रखंड की 62 पंचायत प्रभावित होंने की आशंका है। जिला प्रशासन ने लोगो से ऊंचे स्थान पर जाने की अपील की है।

Exit mobile version