जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र के कपिस्दा गांव में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के पास से 2,500 रुपए कैश, करीब 115 ग्राम चांदी के जेवर, चोरी में इस्तेमाल किए गए पाना-पेचकस और एक बाइक जब्त की गई है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
अलमारी का लॉक तोड़कर चुराए जेवर और नकदी
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने किशुन चंद्रभाष के सूने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे 2,500 रुपए और चांदी के जेवर चुरा लिए। चोरी हुए जेवरों में एक जोड़ी पायल, एक मंगलसूत्र, दो अंगूठियां और एक बिछिया शामिल हैं।
पाना-पेचकस से काटी दरवाजे की कुंडी
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने गांव वालों की मदद से घेराबंदी कर संदेह के आधार पर दोनों आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने पाना और पेचकस से दरवाजे की कुंडी काटकर चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मकान के दो अलग-अलग कमरों में रखी अलमारियों से नकदी और चांदी के जेवर चुराए थे।
बाइक भी पुलिस ने की जब्त
पुलिस ने आरोपियों से चोरी के जेवर, नकदी और पाना-पेचकस जब्त किए। इसके अलावा घटनास्थल पर छोड़ी गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। बाइक का नंबर TG08AD7042 है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कपिस्दा निवासी सोनू कुमार साहू (25) और रितेश कुमार पटेल (26) के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

