बीजापुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने शुक्रवार की रात सरेंडर नक्सली को धारदार हथियार से काट डाला। युवक के सिर, चेहरे और आंखों में चोटें आईं हैं। सिर से चमड़ी उधड़ गई है। खून ज्यादा बह जाने की वजह से जान चली गई।मामला पामेड़ थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान पुनेम बुदरा (28) पुत्र जोगा के रूप में हुई है, जो एर्रापल्ली गांव का रहने वाला था। पुनेम बुदरा ने 2022 में सुकमा जिले में नक्सल संगठन के सामने आत्मसमर्पण किया था। मई-जून 2025 से वह अपने पैतृक गांव एर्रापल्ली में रह रहा था।

दो नक्सली बुदरा के घर पहुंचे और धारदार हथियार से हमला कर आत्मसमर्पित नक्सली को मार डाला।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, शुक्रवार की रात करीब 10 बजे हथियारबंद नक्सली पुनेम बुदरा के घर पहुंचे। इस दौरान नक्सलियों ने कहा कि तुम पुलिस के मुखबिर हो। पुलिस से मुखबिरी करते हो, जिससे संगठन को नुकसान पहुंचा है। नक्सलियों ने हथियार से कई वार किए। बुदरा की मौके पर मौत हो गई।
वहीं वारदात की जानकारी मिलते ही ग्रामीण घबरा गए। स्थानीय लोगों ने बुदरा की हत्या की सूचना फौरन पुलिस को दी। सूचना मिलने पर सुरक्षाबलों ने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। पामेड़ थाने से पुलिस बल घटनास्थल के लिए रवाना हो चुका है।
नक्सलियों ने बुदरा के सिर पर धारदार हथियार से हमला किया।
सरेंडर नक्सलियों की सुरक्षा की बढ़ी चिंता
स्थानीय पुलिस के मुताबिक शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं बुदरा की हत्या के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है। साथ ही गांव में बसने वाले अन्य आत्मसमर्पित नक्सलियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बस्तर क्षेत्र में आत्मसमर्पण करने वाले अधिकांश नक्सलियों को पुनर्वास केंद्रों में विभिन्न कार्यों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद कई आत्मसमर्पित नक्सली अपने गांवों में लौट रहे हैं। अपने-अपने गांवों में फिर से बस कर जीवन यापन कर रहे हैं, लेकिन अब लोगों में घबराहट है।
नक्सल वारदात और आपसी रंजिश पर जांच जारी- SP
बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि नक्सल वारदात और आपसी रंजिश जैसी सभी पहलुओं के आधार पर घटना की जांच कर रहे हैं। 2022 में सरेंडर करके घर में रह रहा था। घटनास्थल पर किसी तरह का नक्सल पर्चा भी घटनास्थल से बरामद नहीं हुआ है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
20 दिन पहले नक्सलियों ने UP के ठेकेदार की हत्या की थी
बतादें कि बीजापुर जिले में नक्सलियों ने 20 दिन में यह दूसरी हत्या कर दी है। नक्सलियों ने सड़क ठेकेदार का गला काटकर हत्या कर दी थी। नक्सलियों ने पहले ठेकेदार के मुंशी को किडनैप किया था। जब ठेकेदार मुंशी को बचाने गया, तो उसे मार डाला। मामला पामेड़ थाना क्षेत्र का है।
मारा गया ठेकेदार इम्तियाज अली उत्तर प्रदेश का रहना वाला था। वह काफी समय से नारायणपुर जिले के धौड़ाई इलाके में रह रहा था। नक्सलियों ने मारकर जंगल में लाश फेंकी दी थी।
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने जेसीबी ठेकेदार को मौत को मार डाला।
ढाई साल में 10 बीजेपी नेता और 10 शिक्षादूतों की हत्याएं
बस्तर में बीते 2 साल में नक्सलियों ने भाजपा के 10 नेताओं की हत्या की है। सबसे ज्यादा मामले बीजापुर जिले के हैं। अकेले यहां 5 नेताओं को नक्सलियों ने मार दिया। बाकी हत्याएं दंतेवाड़ा, मोहला-मानपुर और नारायणपुर में हुईं।
बीजापुर पहुंचने पर यह खौफ साफ नजर आता है। हर नेता और कार्यकर्ता का दिन भले ही गांव और इलाके में प्रचार, मीटिंग या कार्यक्रम में बीतता हो, लेकिन शाम होते ही सब लौट आते हैं। आवापल्ली और बीजापुर का यह घर उनके लिए सुरक्षा कवच बन गया है।
