DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सुशांत शुक्ला ने महिलाओं को तीज की शुभकामनाएं देकर बढ़ाया उत्साह

श्री राधा फाउंडेशन एवं सुवानी शिक्षण समिति के भव्य तीज महोत्सव में महिलाओं को फल व साड़ियों का वितरण

बिलासपुर (सुनील चिंचोलकर)। श्री राधा फाउंडेशन छत्तीसगढ़ सोसायटी एवं सुवानी शिक्षण समिति के संयुक्त तत्वावधान में महिलाओं की खुशियों, सम्मान और छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति को समर्पित भव्य तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

तीज महोत्सव के दौरान भजन, गीत एवं संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों ने वातावरण को उत्सवमय बना दिया। महिलाओं ने पारंपरिक उल्लास के साथ तीज पर्व का आनंद लिया और विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुशांत शुक्ला ने महिलाओं को फल एवं साड़ियों का वितरण किया। उपहार पाकर महिलाओं में विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली। इस अवसर पर उन्होंने सभी महिलाओं को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारी लोक परंपराएं और सांस्कृतिक पर्व समाज को आपस में जोड़ने का कार्य करते हैं। ऐसे आयोजन महिला सम्मान और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में सरिता सिंह, श्याम तिवारी, पवन गोयल, मनीष गुप्ता, सारिका जायसवाल, प्रभा मिश्रा, अनामिका दुबे सहित संस्था के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
श्री राधा फाउंडेशन एवं सुवानी शिक्षण समिति का यह आयोजन नारी सम्मान, संस्कृति संरक्षण और सामाजिक एकजुटता का संदेश देते हुए हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

Exit mobile version