DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बिच्छू के डंक से युवक की जंगल में संदिग्ध मौत:कोरबा में बैगा से कराया झाड़-फूंक, पोस्टमार्टम से होगा मौत के कारण का खुलासा

कोरबा। कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र के ग्राम खेतार में जंगल से पुटु (मशरूम) तोड़ने गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने आशंका जताई है कि युवक की मौत बिच्छू के डंक से हुई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

जानकारी के अनुसार, करतला के रामपुर निवासी नंदलाल मँझवार (32) अपनी पत्नी के साथ ससुराल ग्राम खेतार आए हुए थे। मंगलवार (7 जुलाई) दोपहर बारिश रुकने के बाद दोनों जंगल में पुटु (मशरूम) तोड़ने गए। इसी दौरान नंदलाल ने पत्नी को बताया कि उन्हें किसी जहरीले जीव, संभवतः बिच्छू ने डंक मार दिया है।

झाड़-फूंक में गंवाया समय

दोनों घर लौटे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। नंदलाल की तबीयत लगातार बिगड़ने लगी, लेकिन अस्पताल ले जाने के बजाय परिजनों ने गांव के बैगा से झाड़-फूंक और टोना-टोटका कराया। देर शाम उनकी हालत और गंभीर हो गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।

बिजली और नेटवर्क नहीं होने से नहीं मिली मदद

ग्रामीणों के अनुसार, कई दिनों से गांव में बिजली आपूर्ति बंद थी, जिससे मोबाइल फोन भी बंद पड़े थे। इसी कारण परिजन 112 या एंबुलेंस सेवा से संपर्क नहीं कर सके और झाड़-फूंक का सहारा लिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना मिलने पर बालको पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत बिच्छू के डंक से हुई या किसी अन्य कारण से।

ग्रामीणों ने उठाई सुविधाओं की मांग

घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दूरस्थ क्षेत्रों में बिजली, मोबाइल नेटवर्क और स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने की मांग की है, ताकि आपात स्थिति में लोगों को समय पर इलाज मिल सके और उन्हें अंधविश्वास का सहारा न लेना पड़े।

Exit mobile version