शॉल एवं श्रीफल भेंटकर उनके समर्पण, मेहनत और सेवा भावना को किया नमन
रायगढ़ (किरोड़ीमलनगर)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के पावन एवं गौरवशाली अवसर पर नगर पंचायत किरोड़ीमलनगर में स्वच्छता के क्षेत्र में निरंतर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली स्वच्छता दीदी बहनों के सम्मान में एक आत्मीय एवं गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला भाजपा मंत्री श्रीमती गायत्री केशरवानी एवं छाया विधायक महेश साहू ने स्वच्छता दीदी बहनों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर उनका सम्मान किया तथा उनके निष्ठापूर्ण कार्यों, समर्पण और सेवा भावना के प्रति आभार व्यक्त किया।

किरोड़ीमल नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष अतुल शर्मा ,समस्त पार्षदगण,एल्डरमैन ,महिला महिला मोर्चा की बहने, वरिष्ठ कार्यकर्तागण,देवतुल्य कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती गायत्री केशरवानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस हम सभी के लिए गौरव, सम्मान और प्रदेश की विकास यात्रा को स्मरण करने का विशेष अवसर है। इस महत्वपूर्ण दिन पर उन कर्मठ महिलाओं का सम्मान करना अत्यंत सराहनीय है, जो प्रतिदिन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपना योगदान दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता दीदी बहनें समाज की वास्तविक कर्मयोगी हैं। सुबह से लेकर दिनभर तक वे अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके अथक परिश्रम के कारण ही हमारा नगर स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ वातावरण की ओर अग्रसर होता है। उनका योगदान केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि वे स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
श्रीमती गायत्री केशरवानी ने कहा कि समाज में प्रत्येक व्यक्ति को इन बहनों के श्रम और सम्मान का महत्व समझना चाहिए। स्वच्छता का कार्य केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह हम सभी का सामूहिक दायित्व है। नगर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए नागरिकों को भी स्वच्छता दीदी बहनों का सहयोग करना चाहिए तथा कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने की आदत अपनानी चाहिए।
इस अवसर पर स्वच्छता दीदी बहनों ने भी अपने सम्मान के प्रति प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आभार जताया। शॉल एवं श्रीफल भेंटकर किए गए इस सम्मान से उनके कार्यों के प्रति समाज में सम्मान और प्रोत्साहन का संदेश गया।
कार्यक्रम के अंत में श्रीमती गायत्री केशरवानी ने सभी स्वच्छता दीदी बहनों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि नगर की स्वच्छता और सुंदरता में अपना अमूल्य योगदान देने वाली इन बहनों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
