कोरबा। कोरबा में चेंबर ऑफ कॉमर्स और स्वदेशी जागरण मंच ने विदेशी उत्पादों के बहिष्कार के लिए जागरूकता अभियान चलाया। ट्रांसपोर्ट नगर चौक पर आयोजित कार्यक्रम में विदेशी वस्तुओं का विरोध प्रदर्शन किया गया।

स्वदेशी जागरण मंच के सदस्य यूनुस खान ने बताया कि टीपी नगर में विदेशी वस्तुओं की खरीद और इस्तेमाल के विरोध में प्रदर्शन कर दहन किया गया। मंच के सदस्य कमलेश यादव ने कहा कि विदेशी वस्तुओं की खरीद से विदेशी अर्थव्यवस्था मजबूत होती है।
विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार, स्वदेशी का समर्थन
कार्यक्रम में विशेष रूप से कोल्ड्रिंक, पेप्सी और चाइनीज फूड के सेवन से बचने की सलाह दी गई। इसके बजाय दूध, दही, गन्ना रस और घी जैसे स्वदेशी उत्पादों के सेवन पर जोर दिया गया। सभी सदस्यों ने एकजुट होकर विदेशी सामान का उपयोग न करने और देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की शपथ ली।
चेंबर ऑफ कॉमर्स और स्वदेशी जागरण मंच पहले भी त्योहारों, विशेषकर दीपावली के समय ऐसे जागरूकता अभियान चलाते रहे हैं। संगठन का मानना है कि विदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल से देश की मुद्रा विदेश जाती है, इसलिए स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
