DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

इजराइल में नेतन्याहू-आइजनकोट की सरकार बनाने पर बातचीत शुरू:दावा- दोनों में आधे-आधे कार्यकाल PM रहने पर सहमति, पहले आइजनकोट को मौका मिलेगा

तेल अवीव, एजेंसी। इजराइल में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और याशार पार्टी के प्रमुख गादी आइजनकोट के बीच मिलकर सरकार बनाने पर बातचीत शुरू हो गई है।

टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, दोनों नेता आधे-आधे कार्यकाल तक प्रधानमंत्री रहने पर सहमत हो गए हैं। इसके तहत पहले आइजनकोट प्रधानमंत्री बनेंगे और नेतन्याहू उप प्रधानमंत्री रहेंगे।

हालांकि, आइजनकोट ने नेतन्याहू की पार्टी लिकुड को 24 घंटे का समय दिया है। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी सच में साथ मिलकर सरकार बनाना चाहती है, तो उसे गंभीरता दिखानी होगी।

दरअसल, अक्टूबर में हुए चुनाव में किसी को बहुमत नहीं मिला था। इसके बाद से इजराइल में राजनीतिक संकट है। नेतन्याहू दोबारा चुनाव कराने के बजाय विपक्ष के साथ मिलकर सरकार बनाना चाहते हैं।

प्रधानमंत्री नेतन्याहू और याशार पार्टी के प्रमुख आइजेनकोट 10 नवंबर को संसद में शपथ ग्रहण समारोह के बाद ग्रुप फोटो खिंचवाते हुए।

प्रधानमंत्री नेतन्याहू और याशार पार्टी के प्रमुख आइजेनकोट 10 नवंबर को संसद में शपथ ग्रहण समारोह के बाद ग्रुप फोटो खिंचवाते हुए।

नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पर दिया प्रस्ताव

नेतन्याहू ने शनिवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा कि एक नेता के तौर पर उनकी जिम्मेदारी है कि वे निजी हितों को अलग रखकर देश के बारे में सोचें। उन्होंने लिखा,

मैं इस बात के लिए तैयार हूं कि गादी आइजनकोट पहले प्रधानमंत्री बनें और कार्यकाल की शुरुआत में मैं उप प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभालूं।

नेतन्याहू इजराइल में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले नेता हैं। उनका यह प्रस्ताव ऐसे समय आया है, जब आइजनकोट उन्हें सत्ता से हटाकर नई सरकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

आइजनकोट बोले- लिकुड गंभीरता से बात नहीं कर रही

आइजनकोट ने 27 नवंबर को कहा था कि वे लिकुड के साथ मिलकर सरकार बनाने को तैयार हैं, लेकिन लिकुड इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही है।

उन्होंने बताया कि पिछले दो हफ्तों में दोनों पार्टियों की टीमें सिर्फ 5 बार मिली हैं। लिकुड ने बैठकें बढ़ाने की मांग भी नहीं मानी।

आइजनकोट ने आरोप लगाया कि लिकुड तीन अहम मुद्दों पर चर्चा करने से बच रही है।

  • पहला: 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले से जुड़ी नाकामियों की जांच के लिए सरकारी जांच आयोग बनाना
  • दूसरा: सरकार से कट्टरपंथी नेताओं को हटाना
  • तीसरा: सभी लोगों के लिए सैन्य या राष्ट्रीय सेवा जरूरी करने वाला कानून बनाना

6 दिसंबर तक का वक्त, नहीं बनी सरकार तो फिर नेतन्याहू की बारी

राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने 8 नवंबर को आइजनकोट को सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्हें 6 दिसंबर तक बहुमत जुटाना है। जरूरत पड़ने पर राष्ट्रपति उन्हें 14 दिन का और समय दे सकते हैं।

आइजनकोट के लिए 7 दिसंबर की तारीख भी अहम है। इस दिन उनके बेटे गाल की मौत की तीसरी बरसी है। 25 साल के गाल की मौत गाजा में लड़ाई के दौरान हुई थी।

अगर आइजनकोट तय समय में सरकार नहीं बना पाए, तो राष्ट्रपति दोबारा नेतन्याहू को मौका दे सकते हैं। अगर वे भी बहुमत नहीं जुटा पाए, तो इजराइल में फिर चुनाव हो सकते हैं। वहीं, नेतन्याहू की मुश्किल यह भी है कि उनकी सरकार को समर्थन देने वाली पार्टियों में फूट पड़ने की आशंका है।

इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग नई सरकार बनाने की जिम्मेदारी गादी आइजनकोट को सौंपते हुए।

आइजनकोट के पास सरकार बनाने के 3 रास्ते हैं

1. लिकुड के साथ गठबंधन: नेतन्याहू की पार्टी के साथ मिलकर सरकार बनाना। इसमें सबसे बड़ी अड़चन प्रधानमंत्री पद को लेकर है।

2. अति-रूढ़िवादी पार्टियों का समर्थन: इन पार्टियों के साथ समझौता करना। इसके लिए सेना में अनिवार्य सेवा जैसे मुद्दों पर उन्हें अपनी मांगों में बदलाव करना पड़ सकता है। आइजनकोट के खेमे ने चुनाव में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था।

3. फिलिस्तीनी पार्टियों के समर्थन से सरकार: आइजनकोट अरब पार्टियों के समर्थन से अल्पमत सरकार बना सकते हैं। हालांकि, उनके गठबंधन में लिबरमैन समेत कई नेता इसके खिलाफ हैं।

आइजनकोट ने सरकार बनाने के तीनों रास्ते खुले रखे हैं। इससे वे अलग-अलग पार्टियों से बातचीत कर सकते हैं और अपनी शर्तों पर समझौता करने का दबाव बना सकते हैं।

Exit mobile version