DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कटघोरा बायपास पर टैंकर-ट्रेलर की टक्कर:दोनों ड्राइवर घायल, डेढ़ घंटे तक लगा रहा लंबा जाम, ट्रेलर में कोयला लदा हुआ था

कोरबा। कोरबा के कटघोरा बायपास पर गुरुवार शाम 5 बजे एक डीजल टैंकर और ट्रेलर वाहन में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों ड्राइवरों को गंभीर चोटें आईं हैं, जिन्हें राहगीरों की मदद से तत्काल अस्पताल भेजा। घटना के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे लगभग डेढ़ घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।

यह घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के हुंकरा के पास मुख्य मार्ग पर हुई। बताया गया कि डीजल टैंकर बिलासपुर से अंबिकापुर की ओर जा रहा था, जबकि ट्रेलर वाहन में कोयला लदा हुआ था। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क के बीच में ही रुक गए।

हादसे के तुरंत बाद सड़क के दोनों ओर लगभग एक किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। इस जाम में भारी वाहनों के साथ-साथ चार पहिया वाहन, यात्री बसें और बाइक सवार भी फंसे रहे, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जेसीबी मशीन से हटाए गए वाहन

सूचना मिलते ही 112 और कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों के बारे में जानकारी ली और यातायात बहाल करने के लिए तत्काल कदम उठाए। बीच सड़क पर खड़े डीजल टैंकर और ट्रेलर वाहन को जेएसईबी मशीन बुलवाकर हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

ओवरटेक की कोशिश बनी हादसे की वजह

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह हादसा तेज रफ्तार और ओवरटेक करने के प्रयास के कारण हुआ। उनका कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई बार इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस ने हादसे के बाद वाहन चालकों से जानकारी ली और वाहन मालिकों-संबंधित कंपनी के कर्मचारियों को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Exit mobile version