DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

नशे में टल्ली होकर स्कूल पहुंचा टीचर :बोला- मुझे सस्पेंड कर दो, घर बैठकर लूंगा आधी सैलरी, शराब पीना मेरा आपसी मामला

धमतरी,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक टीचर शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचा और खुलेआम खुद को सस्पेंड करने की मांग करने लगा। वायरल वीडियो में वह कहता नजर आ रहा है- “मुझे सस्पेंड कर दो, मैं सस्पेंड होना चाहता हूं। आधा वेतन मिलेगा तो घर में बैठकर ही नौकरी करूंगा।” मौके पर मौजूद लोगों ने टीचर का वीडियो बना लिया, जो अब वायरल हो रहा है।

यह घटना मगरलोड ब्लॉक के प्राथमिक शाला छोटी करेली का है। जहां टीचर कुर्सी पर बैठकर बहकी-बहकी बातें करने लगा। टीचर बार-बार कहता, “मुझे सस्पेंड कर दो, मैं खुद सस्पेंड होना चाहता हूं। शराब के नशे में हंगामा करते हुए टीचर का वीडियो वायरल होने के बाद उसे सस्पेंड कर दिया गया है।

धमतरी में शराब के नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक खुद को सस्पेंड करने की मांग करने लगा।

धमतरी में शराब के नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक खुद को सस्पेंड करने की मांग करने लगा।

बलरामपुर में हेडमास्टर शराब पीकर स्कूल पहुंचा

इसके अलावा बलरामपुर जिले के दूरस्थ क्षेत्र बंदरचुआं का हेडमास्टर शराब पीकर स्कूल पहुंचा। 3 जुलाई को जब कुछ युवक बंदरचुआं के स्कूल पहुंचे तो हेडमास्टर की कुर्सी पर स्कूल का स्वीपर सोता रहा था और हेडमास्टर पंचू राम शराब के नशे में थे, बच्चे खुद से पढ़ाई कर रहे थे। इसका वीडियो भी सामने आया है।

हेडमास्टर ने खुद स्वीकार किया कि उसने एक पाव महुआ शराब पी ली थी। कुसमी बीईओ ने बताया कि हेडमास्टर आदतन शराबी है। स्कूल के हेडमास्टर के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए पत्र डीईओ बलरामपुर को भेजा गया है। यह स्कूल एकल शिक्षकीय है।

बलरामपुर जिले के दूरस्थ क्षेत्र बंदरचुआं का हेडमास्टर शराब पीकर स्कूल पहुंचा।

कहा- सस्पेंड होने के बाद आधी तनख्वाह तो मिलेगी ही

धमतरी जिले की बात करें तो स्कूल में मौजूद शख्स ने टीचर से पूछा कि शराब पीकर स्कूल आना गलत काम नहीं है। जवाब में टीचर ने कहा, शराब पीना मेरा आपसी मामला है।

शिक्षक आगे कहता है कि “घर-परिवार की कोई चिंता नहीं है, सस्पेंड होने के बाद आधी तनख्वाह तो मिल ही जाएगी। बीईओ साहब को मैं खुद बुलाऊंगा।”

कुर्सी पर बैठकर नशे में बड़-बड़ा रहा था टीचर।

नशे में धुत टीचर का वीडियो वायरल

वहां मौजूद शख्स ने शराब के नशे में धुत टीचर का वीडियो बना लिया, और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। तब यह मामला शिक्षा विभाग तक पहुंचा।

डीईओ ने टीचर के खिलाफ लिया एक्शन

जिला शिक्षा अधिकारी टीआर जगदल्ले ने बताया कि वीडियो में शिक्षक नशे में दिखाई दे रहा है। उस शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इधर, इस घटना से पेरेंट्स में नाराजगी है। उनका कहना है कि इस तरह के टीचर से बच्चों की शिक्षा प्रभावित होगी। ग्रामीणों ने मांग की है कि ऐसे शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि दोबारा कोई इस तरह की हरकत न करे।

Exit mobile version