सरगुजा, एजेंसी । छत्तीसगढ़ के कांग्रेस प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा के संस्थान कल्याण ट्रेडर्स और उनके पार्टनर अमित जायसवाल के ठेका फर्म श्रृंग कंस्ट्रक्शन पर सोमवार को इनकम टैक्स की टीमों ने दबिश दी। आईटी की टीमें दोनों संस्थानों के अंबिकापुर में अलग-अलग ठिकानों में जांच कर रही हैं।
अधिकारी दोपहर में 3 गाड़ियों में पहुंचे। टीम में इनकम टैक्स रायपुर, बिलासपुर और अंबिकापुर के अधिकारी शामिल हैं। कई घंटों की जांच के बाद भी इनकम टैक्स के अधिकारियों ने फिलहाल छापेमारी को लेकर कोई खुलासा नहीं किया है।

कांग्रेस नेता के फर्म के दस्तावेज खंगाल रही टीम
सरगुजा से बस्तर तक ठेके, टैक्स चोरी की आशंका
द्वितेंद्र मिश्रा वर्तमान में कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री हैं। द्वितेंद्र मिश्रा पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के करीबी मानें जाते हैं। द्वितेंद्र मिश्रा और अमित जायसवाल की पार्टनरशिप ठेका कंपनी श्रृंग कंस्ट्रक्शन में है।
श्रृंग कंस्ट्रक्शन कंपनी के संचालक अमित जायसवाल हैं। श्रृंग कंस्ट्रक्शन ने कांग्रेस शासनकाल में सरगुजा से लेकर बस्तर तक करोड़ों रुपए का ठेका हासिल किया। बताया जा रहा है कि ठेका कंपनी द्वारा टैक्स चोरी की जांच के लिए आईटी का सर्वे किया जा रहा है।
द्वितेंद्र मिश्रा की फर्म कल्याण ट्रेडर्स का मटेरियल सप्लाई का काम है। कल्याण ट्रेडर्स से भी शासकीय विभागों को सीमेंट, छड़, गिट्टी और अन्य सामानों की सप्लाई बड़े पैमाने पर की गई है। आयकर की टीम दोनों फर्मों के आय-व्यय का ब्यौरा जुटा रही है। कंपनी के बैंक अकांट्स की भी जानकारी ली गई है।
अधिकारियों ने कहा कि सर्वे के संबंध में विस्तृत जानकारी सर्वे पूरा होने के बाद ही दी जा सकेगी।
