DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

तहसीलदार प्रमोशन फंडिंग…50% ‘नारियल’ की डिलीवरी

वॉट्सऐप पर लिखा-प्रसाद चढ़ाकर फतह हासिल कर लेते हैं, दीपक बैज ने पूछा- सवन्नी का 3% कमीशन कहां-कहां पहुंचा

रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ में तहसीलदारों के प्रमोशन के लिए 50% ‘नारियल’ की पहली किस्त की डिलीवरी हो गई है। तहसीलदारों की कुछ और चैट वायरल हुई हैं, जिनसे यह खुलासा हुआ है। 50-50 ग्रुप की चैट में लिखा है कि 2-3 साल बाद प्रमोशन पाने से अच्छा है, इसी साल फतह हासिल कर लें।

वहीं छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के अध्यक्ष भूपेश सवन्नी पर वेंडर्स ने काम के बदले 3% कमीशन मांगने का आरोप लगाया है। वेंडर्स ने CM विष्णुदेव साय, PM मोदी और गृहमंत्री शाह से शिकायत की थी, जिसकी शिकायत कॉपी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई।

तहसीलदारों के नारियल कलेक्शन और सवन्नी के 3 प्रतिशत कमीशन पर कांग्रेस पीसीसी चीफ दीपक बैज ने सरकार को घेरा है। उन्होंने पूछा कि तहसीलदार प्रमोशन के लिए नारियल इकट्ठा कर रहे हैं। यह कौन सा नारियल है, जहां पर प्रसाद चढ़ाना है। साथ ही पूछा कि सवन्नी का 3% कमीशन कहां-कहां तक पहुंचा ?

अब पढ़िए 2 और चैट में क्या-क्या डील हुई ?

तहसीलदारों के 50-50 वॉट्सऐप ग्रुप से 2 और चैट वायरल हो रही है, जिसमें लिखा है कि कमिटमेंट के 50% नारियल आज चढ़ा दिए हैं। आने वाले कैबिनेट बैठक में सफलता की पूरी संभावना है। शेष नारियल को चढ़ाने के लिए नेक्स्ट 2 दिन का समय मिला है। साथियों से आग्रह है कि वे अपने खुद के लिए एक-एक नारियल आगामी 2 दिनों यानी सोमवार तक चढ़ा ही देवें।

इसके साथ ही आगे लिखा कि शेष नारियल को चढ़ाने के लिए नेक्स्ट 2 दिन का समय दिए हैं। साथियों से विनम्र आग्रह है कि वे अपने खुद के लिए एक-एक नारियल आगामी सोमवार तक चढ़ा ही देवें। 2-3 साल बाद प्रमोशन पाने से अच्छा है, इसी साल फतह हासिल कर लें, जिन्होंने आधा नारियल दिया था, वे भी शेष आधा नारियल को 2 दिन में पूरा करें।

वायरल चैट पर दीपक बैज बोले- प्रमोशन के लिए वसूली हो रही

दीपक बैज ने कहा कि तहसीलदार प्रमोशन के लिए नारियल इकट्ठा कर रहे हैं। यह कौन सा नारियल है, जहां पर प्रसाद चढ़ाना है। एक-एक तहसीलदार से 50-50 नारियल इकट्ठा कराया जा रहा है। कैबिनेट की मीटिंग से पहले नारियल चढ़ाना है। कैबिनेट बैठक भगवान ले रहे हैं क्या ? तहसीलदारों के प्रमोशन के लिए खुलेआम वसूली हो रही है।

बैज ने सवन्नी के 3% कमीशन पर पूछा- किसे कितना पहुंचा ?

दीपक बैज ने कहा कि हम सरकार से पूछना चाहते हैं कि क्रेडा के अध्यक्ष सवन्नी का 3% कमीशन कहां-कहां पहुंच रहा है। समग्र शिक्षा विभाग में 1300 पदों की भर्ती हुई है। उसमें जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। इसका पैसा कहां-कहां तक पहुंचा है। 50-50 नारियल किसके पास पहुंचा है। यह बात सरकार को स्पष्ट करनी चाहिए।

दीपक बैज ने कहा कि, क्रेडा अध्यक्ष सवन्नी की कमीशन खोरी सुशासन के लिए एक आइना है। क्रेडा विभाग में टेंडर प्रक्रियाओं को लेकर काम को लेकर वहां के ठेकेदार और वेंडर ने लिखित रूप से मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री को शिकायत की है। 3% कमीशन मांगा जा रहा है और नहीं देने पर डराया धमकाया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ (CGJASA) के बैनर तले प्रमोशन समेत 17 मांगों को लेकर तहसीलदार और नायब तहसीलदार हड़ताल पर हैं। इसी बीच तहसीलदारों की वॉट्सऐप चैट वायरल हुई है, जिसमें वह प्रमोशन के लिए ‘नारियल’ का कलेक्शन कर रहे हैं।

वॉट्सऐप के ’50-50 ग्रुप’ में तहसीलदार कोड वर्ड में चैट कर रहे हैं। चैटिंग में 50-50 ग्रुप के मेंबर ‘नारियल’ और ‘किलो‘ कोडवर्ड का इस्तेमाल कर कुछ कलेक्शन कर रहे हैं। नारियल को मंत्री-सचिव तक प्रसाद के तौर पर चढ़ाने की बात कर रहे हैं।

50-50 ग्रुप की चैटिंग में कैबिनेट मीटिंग से पहले नारियल पहुंचाने की बात कही जा रही है, ताकि 50-50 ग्रुप के सभी मेंबर को प्रमोशन मिल सके। बातचीत में यह भी जिक्र है कि अगर वह ‘नारियल’ और ‘किलो’ समय पर डिलीवरी नहीं करेंगे, तो 2 साल जूनियर बनकर रह जाएंगे।

अब जानिए क्या है ‘प्रमोशन फंडिंग स्कीम’ की कहानी ?

दरअसल, छत्तीसगढ़ में तहसीलदार और नायाब तहसीलदारों के दफ्तर में संसाधनों की कमी, पदोन्नति, ऑफिस की मरम्मत, गाड़ी की सुविधा जैसे 17 मांगे हैं। इनमें कई तहसीलदार और नायब तहसीलदार ऐसे हैं, जिनको प्रमोशन नहीं मिला है। ऐसे में ये आंदोलन ’50-50 ग्रुप’ के लिए गोल्डन चांस है, जिसे वह गंवाना नहीं चाहते।

प्रमोशन के बाद नायब तहसीलदार, तहसीलदार के रूप में प्रमोट हो सकते हैं। वहीं तहसीलदारों को उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (SDM) के पद पर भी पदोन्नत किया जा सकता है। इसके साथ ही कुछ तहसीलदारों को डिप्टी कलेक्टर के रूप में भी पदोन्नत किया जा सकता है।

वॉट्सऐप चैट के मुताबिक अगर तहसीलदारों का प्रमोशन नहीं होगा, तो उन्हें बड़ा नुकसान होगा। इसलिए ‘प्रमोशन फंडिंग स्कीम’ बनाकर हर मेंबर से एक ‘नारियल’ कलेक्शन किया जा रहा है। इसमें ‘किलो’ भी कोडवर्ड में उपयोग किया गया है।

Exit mobile version