DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

तेजस्वी का तंज- फैक्ट्री गुजरात में, जीत चाहिए बिहार में:कहा- जब लालूजी मोदी से नहीं डरते तो क्या उनका बेटा डरेगा

पटना,एजेंसी। महागठबंधन का CM फेस बनने के बाद तेजस्वी यादव ने शुक्रवार से चुनाव प्रचार की शुरुआत कर दी। पटना से रवाना होने से पहले मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “अगर जनता उन्हें मुख्यमंत्री बनाती है, तो बिहार के लोग चिंता मुक्त हो जाएंगे। हमारी राजनीति झूठ नहीं, भरोसे की राजनीति है।”

सहरसा में एक रैली में तेजस्वी ने कहा कि गुजरात के दो लोग बिहार को चलाने की कोशिश कर रहे हैं। मोदीजी गुजरात में फैक्ट्री लगाएंगे, बिहार में जीत चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं होने वाला है। हम बिहारी हैं, हम बाहरियों से नहीं डरते। अगर लालूजी मोदी से नहीं डरते, तो क्या उनका बेटा डरेगा?

इधर, बिहार चुनाव 2025 के लिए पीएम मोदी आज से चुनाव प्रचार शुरू कर रहे हैं, शुक्रवार उन्होंने पीएम मोदी सबसे पहले समस्तीपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे बेगूसराय जाएंगे। दूधपूरा में पीएम मोदी का करीब 45 मिनट का कार्यक्रम है।

बिहार में एनडीए ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रहा- रविकिशन

बीजेपी सांसद रवि किशन ने बिहार के विपक्षी महागठबंधन पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि जमीनी स्तर पर इसका कोई आधार नहीं है। न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए, किशन ने कहा कि एनडीए चुनावों में ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रहा है। किशन ने कहा, बिहार का ऊर्जावान विकास तभी होगा जब केंद्र से कोई बड़ा पैकेज आएगा। मैं आने वाले समय में एक भव्य बिहार देख रहा हूं।

तेजस्वी का भ्रष्टाचार मुक्त सरकार का वादा सरासर झूठ-चुग

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने शुक्रवार को कहा कि राजद नेता तेजस्वी यादव के परिवार के पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए, बिहार की जनता विधानसभा चुनावों में उन पर भरोसा नहीं करेगी। एएनआई से बात करते हुए, चुग ने कहा, “उनके परिवार का भ्रष्टाचार, जंगल राज और नौकरियों के बदले जमीन हड़पने का इतिहास रहा है। बिहार ऐसे भ्रष्ट लोगों को अपने नेता के रूप में कभी स्वीकार नहीं करेगा। तेजस्वी का भ्रष्टाचार मुक्त सरकार का वादा उनके परिवार के पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए सरासर झूठ है।”

नीतीश बोले- बिहार में 2005 से विकास के काम हो रहे हैं

नीतीश कुमार ने समस्तीपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा- पीएम मोदी बिहार के लिए बहुत काम कर रहे हैं। इसलिए अब जान लीजिए कि बिहार बहुत आगे बढ़ेगा।

नीतीश बोले- भारतरत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर इसी गांव के रहने वाले थे। आज हम यहां आए हैं, ये खुशी की बात है। पीएम ने भी उनकी सही चीजों को देखा।

2005 से जब बिहार में एनडीए की सरकार बनी तब से बिहार का विकास हो रहा है। हाल ही में महिलाओं के लिए हमने नई योजना शुरू की है। जिसमें रोजगार के लिए 10 हजार रुपए दिए जा रहे हैं। अबतक 21 लाख महिलाओं को पैसे मिले हैं।

Exit mobile version