DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बांकीमोंगरा की 3/4 खदान में बेखौफ डकैतों का आतंक: 25 बदमाशों ने गार्ड को पीटा, नकदी-मोबाइल लूटे, केबल भी ले भागे,,,देखे पूरी खबर

संवाददाता साबीर अंसारी

बांकीमोंगरा/कोरबा। बांकीमोंगरा क्षेत्र की सुरकछार 3/4 खदान में बीती रात करीब 2:30 बजे सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल देने वाली बड़ी वारदात सामने आई। जानकारी के अनुसार करीब 25 की तादात में चोरों के गिरोह ने खदान परिसर में धावा बोल दिया। इतनी बड़ी संख्या में पहुंचे आरोपियों ने ड्यूटी पर तैनात गार्ड चेतन प्रसाद के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए। बदमाश उनका मोबाइल फोन, पर्स और पर्स में रखे करीब ₹4,500 नकद भी लूटकर ले गए। इसके साथ ही खदान परिसर से कीमती केबल की चोरी भी कर ली गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद विश्वनाथ राठौर, पिता जगदेव प्रसाद, जो सुरकछार 3/4 खदान में हाजरी बाबू के पद पर कार्यरत हैं, द्वारा थाना बांकीमोंगरा में शिकायत दर्ज कराई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्सर लगभग 25 लोगों का संगठित गिरोह रात में हमला करता है, कर्मचारियों के साथ मारपीट करता है, लूटपाट करता है और लाखों की संपत्ति लेकर फरार हो जाता है, तो इसे केवल चोरी कहना उचित नहीं बल्कि यह डकैती जैसी गंभीर वारदात है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतने बड़े गिरोह का मनोबल इतना बढ़ा कैसे? क्षेत्र में पहले भी खदानों में चोरी और लूटपाट की कई शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी बड़े गिरोह पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। लगातार हो रही घटनाओं से खदान कर्मचारियों और आसपास के लोगों में भय का माहौल है।

अब सवाल पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी उठ रहे हैं। यदि पूर्व की शिकायतों पर समय रहते ठोस कार्रवाई होती और गिरोह के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाता, तो संभव है कि इतनी बड़ी वारदात नहीं होती। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि डकैती की धाराओं में मामला दर्ज कर पूरे गिरोह की शीघ्र गिरफ्तारी की जाए, खदानों की सुरक्षा बढ़ाई जाए तथा रात्रि गश्त को प्रभावी बनाया जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Exit mobile version