श्रीनगर/जम्मू ,एजेंसी। जम्मू-कश्मीर में अक्तूबर माह के दौरान आतंकवाद से जुड़ी घटनाओं में उछाल देखा गया, जिसके परिणामस्वरूप 19 लोगों की जान चली गई। हताहतों में 8 नागरिक, 3 घुसपैठिए, 3 सैनिक, 2 सेना के पोर्टर और 3 आतंकवादी शामिल हैं।
मारे गए नागरिकों में एक स्थानीय कश्मीरी, 2 जम्मू के रहने वाले और 5 जम्मू-कश्मीर के बाहर के निवासी थे। इसके अलावा इन घटनाओं के दौरान 3 सैनिक घायल हुए। उपलब्ध आंकड़ों से पता चलता है कि अक्तूबर की शुरूआत किश्तवाड़ के छात्रू इलाके में संयुक्त बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ से हुई।
ये भी पढ़ेंः दुखदः दीवाली की खुशियां मातम में बदली, दो भाइयों के साथ दर्दनाक हादसा
बारामूला जिले के कमालकोट उड़ी और उत्तरी कश्मीर के सीमावर्ती जिले कुपवाड़ा के केरन सैक्टर में 2 मुठभेड़ों में 3 घुसपैठिए मारे गए। अक्तूबर के दूसरे सप्ताह में आतंकवादियों ने अनंतनाग के एक टी.ए. सैनिक हिलाल अहमद भट को शांगस कोकरनाग के कज़वान वन क्षेत्र से अगवा कर लिया और बाद में उसकी हत्या कर दी। उसका साथी भागने में सफल रहा।
