रायगढ़ जिले के कपड़ा व्यवसायी पर 5 लाख की ठगी का आरोप
Divya Akash
किराए की दुकान से ग्राहक, कर्मचारी और व्यापारी बने शिकार
रायगढ़ में भी केस दर्ज कोरबा। जानकारी के अनुसार कोरबा जिले में एक कपड़ा व्यापारी ने सस्ती दरों पर कपड़े बेचने का झांसा देकर कई ग्राहकों, कर्मचारियों और बड़े व्यापारियों से लगभग 5 लाख रुपए से अधिक की ठगी की है। यह मामला पुरानी बस्ती का बताया जा रहा हैं, जहां कथित आरोपी पैसे लेकर फरार हो गया है। जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के व्यवसायी ने पुरानी बस्ती, कोरबा में छह महीने पहले एक दुकान किराए पर ली थी। उसने लोगों को कम कीमत पर कपड़े उपलब्ध कराने का लालच दिया और धीरे-धीरे कई लोगों को अपने जाल में फंसा लिया। बताया जा रहा हैं की 40 से अधिक लोगों से एडवांस के तौर पर 5 हजार से 40 हजार रुपए तक की राशि ली। कुल मिलाकर, वह लगभग 5 लाख रुपए कैश लेकर फरार हो गया।
काम करने वाली लड़कियों का भी नहीं किया भुगतान उसने अपने व्यवसाय में काम करने वाली 15 लड़कियों का भी भुगतान नहीं किया। इसके अलावा उसने 5 से 10 बड़े कपड़ा व्यापारियों से लाखों रुपये का उधार कपड़ा लिया था, जिसका भुगतान भी नहीं किया। पीड़ितों ने बताया कि उक्त कथित आरोपी रायगढ़ में भी लगभग 40 लाख रुपए की ठगी कर चुका है, जिसके खिलाफ रायगढ़ पुलिस में मामला दर्ज है। एक व्यापारी ने बताया कि वह उसकी सीतामढ़ी मुख्य मार्ग स्थित दुकान पर आया था। उसने उससे पुराने, न बिकने वाले कपड़े बेचने के लिए मांगे और बेचने के बाद पैसे देने का वादा किया। उसने लाखों के कपड़े लिए, लेकिन भुगतान नहीं किया और दुकान बंद करके फरार हो गया। कोतवाली थाना पुलिस ने इस मामले में शिकायत मिलने के बाद आगे की जांच और कार्रवाई करने की बात कही है।