बलौदाबाजार, एजेंसी। बलौदाबाजार के नेहरू चौक स्थित एक कारोबारी के घर में करंट लगने से घायल महिला वर्षा गुप्ता की भी मौत हो गई। रायपुर के निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। इस हादसे में पहले उनके पति और बेटे की मौत हो चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह घर की सफाई के दौरान पति हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आकर झुलस गए थे। पिता को बचाने दौड़ा बेटा भी करंट की चपेट में आ गया। दोनों को बचाने की कोशिश में वर्षा गुप्ता भी झुलस गईं थी।
तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजा गया था। पति और बेटे की मौत के बाद वर्षा का रायपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
नेहरू चौक स्थित कारोबारी राकेश गुप्ता का घर।
घर की बालकनी की लोहे की ग्रिल में फैला था करंट।

हादसे में माता-पिता और बेटे की मौत हो गई है।
ग्रिल में पहले से फैला था करंट
जानकारी के मुताबिक, राकेश गुप्ता (45), पिता पुरुषोत्तम लाल गुप्ता, शुक्रवार सुबह रोज की तरह नींद से जागे थे। इसके बाद वे घर की बालकनी में गए।
इसी दौरान उन्होंने वहां लगी लोहे की ग्रिल को हाथ लगाया। ग्रिल में करंट फैला हुआ था, जिसके कारण वे बिजली के झटके की चपेट में आ गए और उससे चिपक गए।
पिता को ग्रिल से चिपका देखकर उनका बेटा ओम गुप्ता (24) उन्हें बचाने के लिए दौड़ा। उसने पिता को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गया। देखते ही देखते परिवार के दो सदस्य बिजली के संपर्क में आ गए।
घटना के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पति और बेटे को बचाने पहुंचीं वर्षा, उन्हें भी लगा करंट
पति और बेटे को करंट की चपेट में देखकर वर्षा गुप्ता (45) उन्हें बचाने के लिए पहुंचीं। इस दौरान उन्हें भी बिजली का तेज झटका लगा और वह दूर जा गिरीं। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तीनों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने राकेश गुप्ता और उनके बेटे ओम गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, वर्षा गुप्ता की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
घायल पत्नी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है। पुलिस ने पिता और बेटे के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
थाना कोतवाली बलौदाबाजार के पीएसआई खिलेंद्र कुमार के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर के पास से 11 हजार केवी का हाईटेंशन तार गुजरा है। आशंका है कि बालकनी में रखे सफाई के सामान के तार के संपर्क में आने से उसमें करंट फैल गया।
इसके चलते बालकनी की लोहे की ग्रिल में भी करंट उतर आया और उसे छूते ही राकेश गुप्ता उसकी चपेट में आ गए। हालांकि, पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
