DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में आतंक मचाने वाला सांड पकड़ाया:स्कूली छात्र समेत 2 को किया था घायल, कांजी हाउस भिजवाया गया

कोरबा। कोरबा में आतंक मचाने वाले एक सांड को नगर निगम की टीम ने पकड़ लिया है। इस सांड के हमले से एक स्कूली छात्र समेत दो लोग घायल हो गए थे, जिससे अमरिया पारा क्षेत्र में दहशत का माहौल था। निगम ने दो आवारा सांडों को पकड़ा है।

घटना शनिवार को वार्ड क्रमांक 14 के अमरिया पारा में हुई। वीनस पब्लिक स्कूल में कक्षा 7 का छात्र अक्षय कुमार श्रीवास (12) ट्यूशन जाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में सांड ने उस पर अचानक हमला कर दिया और सींग से उठाकर पटक दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

पेट के निचले हिस्से में आई थी चोट

राहगीरों की मदद से घायल अक्षय को अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों के अनुसार, उसके पेट के निचले हिस्से में गहरी चोट लगी है और डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। फिलहाल, उसका इलाज चल रहा है और सर्जरी की तैयारी की जा रही है।

कांजी हाउस भेजा गया

घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम ने कार्रवाई की और दो आवारा सांडों को पकड़कर गोकुल नगर स्थित कांजी हाउस भेज दिया। वार्ड पार्षद टीकम राठौर ने बताया कि उन्होंने निगम अधिकारियों को फोन और पत्राचार के माध्यम से सूचित किया था।

निगम की टीम ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद सांड को पकड़ा। इस सांड ने छात्र के अलावा दो अन्य राहगीरों पर भी हमला किया था, जिससे बस्ती में लोग घरों से बाहर निकलने में डर रहे थे।

Exit mobile version