DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा के स्वर्ग कहे जाने वाले अशोक वाटिका को भी कमाई का जरिया बनाया नगर सरकार ने

सुबह-शाम मार्निंग वाक करने वालों के लिए नि:शुल्क प्रवेश बंद, निगम ने लगाया भारीभरकम टैक्स
कोरबा। कांग्रेस शासनकाल में प्रदेश के केबिनेट मंत्री रहे एवं पूर्व कोरबा विधायक जयसिंह अग्रवाल ने अशोक वाटिका के पुनर्रूद्धार के लिए 10 करोड़ की राशि डीएमएफ से स्वीकृत कराई और चार करोड़ लाईट (रोशनी) सहित अन्य आवश्यक संसाधनों के लिए स्वीकृति दिलाई। इस तरह 14 करोड़ की लागत से इस अशोक वाटिका को स्वर्ग का रूप दिया गया। अब इस हरित वाटिका एवं आक्सीजोन वाटिका पर भी निगम की काली नजर पड़ी और आने-जाने वालों के लिए टैक्स लगाकर कमाई का जरिया बना दिया।
आक्सीजोन में सुबह-शाम हजारों लोग रोज पहुंचते हैं
5 वर्ष पहले केबिनेट मंत्री रहे जयसिंह अग्रवाल ने मार्निंग वाक करने वालों से एवं कोरबा के बुद्धिजीवियों सलाह मशवीरा कर अशोक वाटिका को संवारने का जिम्मा उठाया, ताकि कोरबावासियों के लिए सुबह-शाम टहलने और कुछ पल सुकून में बिताने के लिए अशोक वाटिका को संवार कर स्वर्ग का रूप दे दिया। अशोक वाटिका कोरबा के लिए वरदान साबित हुई और रोज सुबह-शाम हजारों लोग टहलने के लिए पहुंचते हैं।
स्वास्थ्य के साथ निगम का खिलवाड़
जहां एक ओर भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ सरकार स्वस्थ छत्तीसगढ़, स्वस्थ भारत के लिए नि:शुल्क आयुष्मान योजनाएं निकाल रही है, ताकि स्वास्थ सुविधा आम जनता तक भी सुलभ हो, लेकिन इसके उलट प्रदूषित बड़े शहरों में 5वें स्थान पर शुमार कोरबा को एक अदद आक्सीजोन मिला था, उस पर भी निगम की काली नजर पड़ गई और मुफ्त में शुद्ध आक्सीजन पर भी टैक्स लगा दिया, जो आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ माना जा रहा है।
अशोक वाटिका का भी कर दिया निजीकरण


भाजपा का कथित सुशासन आने के बाद जहां चारों तरफ अपराध और महंगाई बढ़ रहे हैं, वहीं एक हजार की महतारी वंदन योजना दे कर भाजपा सरकार हवा में उड़ रही है, कि हमने महतारियों को सशक्त बना दिया। कोरबा में महंगाई की एक और मार, उसमें भी हरियाली पर। निगम प्रशासन ने इस अशोक वाटिका को किराए पर बेच दिया। भाजपा सरकार आते ही हर चीज का निजीकरण उनका ट्रेंड बन गया है। अशोक वाटिका को भी एक भाजपा समर्थित फर्म को किराए पर दिये जाने की जानकारी मिली है। भाजपा को हर चीज को निजीकरण करने का जो ट्रेंड है, उससे आमजनता में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। यह कैसा सुशासन है कि हरियाली और शुद्ध सांस लेने पर भी भाजपा सरकार टैक्स लगा देती है।
जयसिंह अग्रवाल ने कहा-भाजपा सरकार को हर चीज में टैक्स चाहिए


पूर्व केबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि अशोक वाटिका को डीएमएफ से करोड़ों रूपए स्वीकृत कराकर आमजनता के लिए संवारा, ताकि प्रदूषित शहर में लोग कुछ पल आक्सीजोन में सुकून से अपना समय बीता सकें और लोगों के स्वास्थ में कुछ सुधार हो सके। यह दुर्भाग्य है कि भाजपा सरकार को हर चीज में टैक्स चाहिए। गरीब आदमी वैसे भी महंगाई से बेचैन है, वहीं अब अशोक वाटिका में घूमने-फिरने के लिए भी उसे 10 से 20 रूपए देना पड़ेगा, यह शहर के लिए दुर्भाग्य की बात है।
पार्किंग में भी अब 5 से 10 रूपए शुल्क


स्वयं के प्रवेश के लिए आमनागरिकों को 10 रूपए से 20 रूपए देने के साथ अब वाहन स्टैंड को भी निजीकरण कर लोगों के लिए मुसीबत खड़ा कर दिया गया है। सायकिल के लिए 5 रूपए, दो पहिया वाहनों के लिए 10 रूपए एवं चार पहिया वाहनों के लिए 20 रूपए दर निर्धारित किया गया है। कार पार्किंग के लिए निगम ने बड़ी सुविधा भी दी है और कार रखने वाले ग्राहकों को मंथली ऑफर 2000 रूपए प्रति माह दिया है।
भाजपा नेता को उपकृत करने का खेल
निगम प्रशासन में भाजपा की नगर सरकार बनने के बाद निगम के अधिकारियों द्वारा बड़ा खेल खेला जा रहा है। अशोक वाटिका के निजीकरण में दबाव की राजनीति देखी जा रही है। पुष्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अशोक वाटिका के निजीकरण में एक भाजपा नेता को उपकृत करने का खेल खेला गया।
भाजपा की नगर सरकार के खिलाफ आक्रोश
अशोक वाटिका में घूमने वाले लोगों का कहना है कि भाजपा सरकार आते ही महंगाई चरमसीमा पर पहुंच जाती है और सम्पत्तिकर में भारी-भरकम ईजाफा होने के साथ भाजपा को हर चीज में कमाई दिखती है। अशोक वाटिका को कांग्रेस कार्यकाल में हमारे विधायक रहे जयसिंह अग्रवाल ने लोगों की सहुलियत और बेहतर स्वास्थ्य के लिए संवारा था, लेकिन भाजपा सरकार आते ही इसे भी कमाई का जरिया बना दिया। यहां आने वाले लोगों में जमकर आक्रोश देखा गया।
अशोक वाटिका में चौपाटी प्रस्तावित, लेकिन भाजपा सरकार आते ही ठंडे बस्ते में
जयसिंह अग्रवाल ने कहा था कि अशोक वाटिका कोरबावासियों के लिए वरदान साबित होगा। अशोक वाटिका को पूर्णरूप से संवारने के बाद वहां घूमने आने-जाने वालों के लिए स्वादिष्ट व्यंजन भी उपलब्ध कराएंगे और चौपाटी का निर्माण कराएंगे। तब तक सरकार बदल गई और जयसिंह का सपना अधूरा रह गया। लेकिन अब भाजपा की सरकार ने चौपाटी की स्थापना लगभग ठंडे बस्ते में चली गई है, ऊपर से आम जनता पर यहां टैक्स का बोझ लाद दिया गया।
महापौर ने कहा – मैंने और मंत्री जी ने कलेक्टर को निर्देशित किए हैं, आदेश होगा निरस्त


अशोक वाटिका में प्रवेश पर टैक्स लगाने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि अशोक वाटिका को संचालन के लिए अर्बन सोसायटी को दिया गया है। मैंने और मंत्री लखन लाल देवांगन ने कलेक्टर को निर्देशित किए हैं और अशोक वाटिका में प्रवेश शुक्ल को वापस लेने को कहा गया है। एक दो दिन में अशोक वाटिका में लगने वाला प्रवेश शुल्क/ वाहन शुल्क नि:शुल्क हो जाएगा और कोरबावासी पूर्ववत नि:शुल्क अशोक वाटिका में घूम-फिर सकेंगे।

Exit mobile version