DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

मिट्टी डालने से और बिगड़ी जवाली-चाकाबुड़ा-खोलार नाला मार्ग की हालत, तत्काल गिट्टीकरण की मांग

चाकाबुड़ा-देवरी पुल टूटा, देवरी-कोरई पुल भी जर्जर, चारपहिया वाहनों का आवागमन प्रभावित

कोरबा, 16 अगस्त 2026। विकासखंड कटघोरा के जवाली-चाकाबुड़ा-खोलार नाला मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। बरसात के दौरान सड़क पर मिट्टी डाले जाने के बाद मार्ग की स्थिति और अधिक खराब हो गई है। जगह-जगह कीचड़, गहरे गड्ढे और जलभराव के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञात हो कि उक्त सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक राजेश यादव ने पूर्व में उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री अरुण साव से शिकायत कर समस्या के निराकरण की मांग की थी। साथ ही सड़क की स्थिति में सुधार नहीं होने पर चक्काजाम की चेतावनी भी दी गई थी। इसके बाद विभाग द्वारा पुल के कार्य को गति दी गई तथा पुल के आगे-पीछे मिट्टी डलवाई गई थी।

लेकिन बारिश के कारण मिट्टी दलदल में तब्दील हो गई है। वर्तमान में मार्ग पर जगह-जगह कीचड़ और गहरे गड्ढे बन गए हैं तथा पानी भर जाने से वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि दोपहिया वाहन, ट्रक और यहां तक कि एम्बुलेंस के आवागमन में भी परेशानी हो रही है। स्कूली बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों और रोजाना कामकाज के लिए आने-जाने वाले ग्रामीणों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।

स्थिति को और गंभीर बनाते हुए चाकाबुड़ा-देवरी पुल टूट चुका है, वहीं देवरी-कोरई पुल भी जर्जर स्थिति में है। ग्रामीणों के अनुसार देवरी-कोरई पुल से चारपहिया वाहनों का सुरक्षित आवागमन संभव नहीं है। ऐसे में क्षेत्र के ग्रामीणों के सामने आवागमन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है और बारिश के दिनों में स्थिति और भी चिंताजनक हो जाती है।

स्थानीय ग्रामीणों ने पुनः राजेश यादव को सड़क और पुलों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया है। ग्रामीणों की मांग है कि विभाग केवल मिट्टी डालकर औपचारिकता पूरी करने के बजाय तत्काल गिट्टी एवं मुरुम डालकर मार्ग को आवागमन योग्य बनाए तथा क्षतिग्रस्त पुलों की मरम्मत अथवा आवश्यकतानुसार नए पुलों का निर्माण शीघ्र कराया जाए। इसके बाद बरसात समाप्त होते ही सड़क का स्थायी डामरीकरण भी कराया जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। पुलों की खराब स्थिति और सड़क पर कीचड़ के कारण किसी मरीज को अस्पताल पहुंचाने, स्कूली बच्चों के आवागमन तथा रोजमर्रा की आवश्यक सेवाओं में कभी भी गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है।

फिलहाल ग्रामीणों की नजर भाजपा नेता राजेश यादव पर टिकी हुई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जिस तरह उन्होंने पूर्व में सड़क की समस्या को शासन और लोक निर्माण विभाग के समक्ष उठाया था, उसी तरह इस गंभीर समस्या को भी संबंधित अधिकारियों एवं सरकार के समक्ष मजबूती से रखकर इसका स्थायी समाधान कराने में पहल करेंगे।

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जवाली-चाकाबुड़ा-खोलार नाला मार्ग, चाकाबुड़ा-देवरी पुल और देवरी-कोरई पुल का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही शुरू की जाए, ताकि क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को राहत मिल सके।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क और पुलों की स्थिति में शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो वे शासन-प्रशासन के समक्ष लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग को मजबूती से उठाने के लिए बाध्य होंगे।

Exit mobile version