DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

महिला का शव कब्र से निकाला:मां बोली- दहेज के लिए ससुराल वालों ने मारा, 2 दिन पहले पति-पत्नी ने खूब डांस किया था

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कब्र से लाश खोदकर निकाली गई है। 5 दिन पहले एक शादीशुदा महिला की मौत हो गई थी, जिसका अंतिम संस्कार कर लाश दफना दिया गया था। बाद में मायके वालों को शक हुआ। उन्होंने पति और ससुराल वालों पर मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया।

प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद दफनाने के चौथे दिन शुक्रवार को लाश बाहर निकाली गई। इस दौरान पुलिस बल भी मौजूद रही। पोस्टमॉर्टम के बाद लाश फिर दफनाया जाएगा। मामला उरगा थाना क्षेत्र स्थित भलपहरी गांव का है, आरोप है कि शव में चोट के निशान भी थे। हालांकि इन सभी आरोपों को ससुराल वालों ने झूठा बताया है।

दफनाने के चौथे दिन कब्र से शव निकाला गया।

पुलिस, तहसीलदार, स्वास्थ्य विभाग और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में कब्र की खुदाई करते लोग।

मौत से 2 दिन पहले शादी में डांस करती पीली लाड़ी में विनीता।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, गिधौरी की रहने वाली विनीता पाटले की शादी भलपहरी गांव के मुकेश पाटले से हुई थी। दोनों की शादी को करीब 8 साल हो गए थे, उनके 2 बच्चे भी है। मुकेश मजदूरी करता है।

पति के मुताबिक, 18 मई को विनीता की अचानक तबियत बिगड़ गई। पेट दर्द की शिकायत पर उसे जिला अस्पताल ले गए। फिर निजी अस्पताल में इलाज कराया।

वहां डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पति ने बताया कि, पीलिया और खून की कमी हो गई थी, जिसके चलते पत्नी की जान चली गई। 19 मई को ससुराल पक्ष और मायके पक्ष ने मिलकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया था।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

4 दिन बाद मायके वालों को इस घटना पर शक हुआ। उन्होंने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मौत को संदिग्ध बताया, जिसके बाद थाने पहुंचकर पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की और शिकायत दर्ज कराई।

शुरुआत में मृतिका के ससुर ने शव निकालने का विरोध किया, लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद कब्र से लाश निकालने की प्रक्रिया पूरी की गई।

शुरुआत में मृतिका के ससुर ने शव निकालने का विरोध किया, लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद प्रक्रिया पूरी हुई।

दहेज प्रताड़ना और मारपीट भी की

मायके पक्ष का आरोप है कि, मुकेश और उसके माता-पिता विनीता को लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। मुकेश आए दिन मारपीट और गाली-गलौज करता था।

कई बार उसे घर से निकाल देता था। विनीता अक्सर मायके पहुंचती थी, लेकिन बच्चों के भविष्य की खातिर परिवार हर बार समझौता कर उसे वापस ससुराल भेज दिया जाता था।

फांसी लगाकर मारने की हुई थी कोशिश

मृतिका की बड़ी मां कौशिल्या ने बताया कि, कुछ समय पहले मुकेश ने विनीता को फांसी लगाकर मारने की कोशिश भी की थी। हाल ही में मुकेश कुछ रिश्तेदारों को गांव के पंच-सरपंच बताकर गिधौरी पहुंचा और समझाइश के नाम पर विनीता को वापस ले गया।

नहलाते समय शरीर पर मिले चोट के निशान

परिजनों का दावा है कि, मौत के बाद जब शव को नहलाया गया तो शरीर पर कई चोट के निशान मिले। नाक और मुंह से खून निकलने की बात भी सामने आई है। इसके बावजूद बिना पोस्टमॉर्टम आनन-फानन में शव दफना दिया गया।

वो कुछ दिन पहले तक वह पूरी तरह स्वस्थ थी और शादी कार्यक्रम में डांस भी कर रही थी। फिर अचानक एक-दो दिन में मौत कैसे हो गई।

शादी कार्यक्रम में डांस करती पीली साड़ी में विनीता।

पीएम रिपोर्ट आने पर खुलेगा मौत का राज

इस मामले में उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि, लाश की पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच कराई गई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पूरा मामला अब पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट पर निर्भर करता है, जो यह तय करेगी कि विनीता की मौत बीमारी से हुई या मारपीट और प्रताड़ना के कारण हुई है।

Exit mobile version