DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कारों के शीशे तोड़कर चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा गया:मालखरौदा-जैजैपुर से 2 आरोपी, 2 नाबालिग गिरफ्तार, दिल्ली भागने की फिराक में था आरोपी

सक्ती। सक्ती जिले में कारों के शीशे तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मालखरौदा और जैजैपुर थाना क्षेत्रों में लगातार हुई 11 चोरी की घटनाओं के मामले में पुलिस ने दो वयस्क आरोपियों और दो नाबालिग बालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मालखरौदा में 6 और जैजैपुर में 5 मामले दर्ज हुए थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 और 12 मई को कुल 11 पीड़ितों ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 10-11 मई की रात अज्ञात बदमाशों ने घरों और सड़कों के किनारे खड़ी कारों के शीशे ईंट-पत्थरों से तोड़ दिए और अंदर रखे पर्स, नगदी, इलेक्ट्रॉनिक वायर, जैक-पाना समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 47 हजार रुपये आंकी गई थी।

कई गांवों में की थीं वारदातें

आरोपियों ने जैजैपुर थाना क्षेत्र के काशीगढ़, जैजैपुर, तुषार, बोदसरा, कचंदा तथा मालखरौदा थाना क्षेत्र के पीहरीद, छोटे सीपत, कलमी और जमगहान सहित कई गांवों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल था।

25 सीसीटीवी फुटेज और 4 हजार मोबाइल नंबर खंगाले

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी सक्ती डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा के मार्गदर्शन में जांच शुरू हुई।

पुलिस ने 20 से 25 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और घटनास्थलों से टॉवर डंप निकालकर करीब 4 हजार मोबाइल नंबरों का सत्यापन किया। इसके अलावा खरसिया, रायगढ़ समेत कई स्थानों पर दबिश देकर संदिग्धों से पूछताछ की गई।

दिल्ली भागने की तैयारी में था आरोपी

जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी गुलशन कुमार बरेठ को खरसिया रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। वह दिल्ली भागने की तैयारी में था। पूछताछ में उसके साथ तीन अन्य साथियों की संलिप्तता भी सामने आई, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सभी ने चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने हर्ष सिदार उर्फ बिट्टू (19), निवासी ग्राम सुखदा, चौकी फगुरम, थाना डभरा तथा गुलशन कुमार बरेठ (18 वर्ष 9 माह), निवासी ग्राम सुखदा, थाना डभरा को गिरफ्तार किया। इनके साथ दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया।

प्रेमिका से नहीं मिल पाया, गुस्से में की चोरी

सक्ती एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने बताया कि जांच के दौरान एक दिलचस्प तथ्य भी सामने आया। गिरफ्तार आरोपियों में से एक नाबालिग घटना वाली रात अपनी प्रेमिका से मिलने गया था, लेकिन मुलाकात नहीं हो पाई। इससे नाराज होकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कारों के शीशे तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।

चोरी का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई नगदी में से 4 हजार रुपये, 5 जैक एवं 5 रॉड, 2 बंडल इलेक्ट्रॉनिक वायर, 2 स्टेपनी टायर और 2 डीजल वाइब्रेटर मशीन बरामद की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

टीम की अहम भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रवीण राजपूत (थाना प्रभारी मालखरौदा), उप निरीक्षक भूपेंद्र चंद्रा (थाना प्रभारी जैजैपुर), साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. कंवर, साइबर सेल टीम तथा मालखरौदा और जैजैपुर थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version