DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में महिला पंचायत सचिव की अधजली लाश मिली:दो साल पहले की थी लव मैरिज,परिवार को नहीं थी जानकारी,मां ने जताई हत्या की आशंका

कोरबा। कोरबा में एक महिला पंचायत सचिव की अधजली लाश मिली है। मृतिका की पहचान 26 वर्षीय सुषमा खुसरों के रूप में हुई है, जो पोड़ो-उपरोड़ा ब्लाक में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत थी।

सुषमा ने डेढ़ साल पहले परिवार वालों को जानकारी दिए बिना लव मैरिज कर लिया था। उसका पति 27 वर्षीय अनिमेष कुमार भी पंचायत सचिव है। मृतिका की मां ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है और लाश को जलाने की कोशिश की गई है।

मृतिका की मां सोनकुंवर ने बताया कि उनकी बेटी सीधी और सरल थी। उन्हें बेटी के शादी करने की जानकारी नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती, उसकी हत्या की गई है।

महिला का पति से हुआ था विवाद

मृतिका की मां ने यह भी बताया कि जब घटना की जानकारी हुई उसके बाद लड़के से बातचीत की गई तो पता चला कि कुछ दिन पहले ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। वहीं मां ने सामाजिक कारणों का हवाला देते हुए लाश लेने से इनकार कर दिया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

कोरबा सीएपी भूषण एक्का ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतका का शव उसके पति को सौंप दिया गया है।

मृतक महिला के पति ने पूछताछ में बताया कि 2023 में दोनों ने प्रेम विवाह किया था। प्रेम विवाह के बाद दोनों कोरबा में रहते थे और इसकी जानकारी उनके घर वालों को नहीं थी। फिलहाल इस मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version