DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सूदखोर तोमर भाइयों की प्रापर्टी हो सकती है कुर्क:कोर्ट ने स्वीकार की पुलिस की याचिका, कल कोर्ट में पेश होने का आखिरी मौका

रायपुर,एजेंसी। पिछले 2 महीनों से फरार चल रहे रायपुर के सूदखोर और हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं की संपत्ति जल्द कुर्क हो सकती है। कोर्ट ने पुलिस की याचिका स्वीकार करते हुए रायपुर कलेक्टर को उनकी चार संपत्तियों की कुर्की का प्रतिवेदन भेज दिया है। इससे पहले नगर निगम में रोहित तोमर के अवैध आफिस पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की थी।

बता दें कि रोहित तोमर और वीरेंद्र सिंह तोमर के फरार होने के बाद पुलिस ने कोर्ट में आवेदन दिया था। इसके बाद कोर्ट ने दोनों आरोपियों को पेश होने की अंतिम चेतावनी जारी की थी। कोर्ट की ओर से जारी चेतावनी के तहत दोनों आरोपियों को कल यानी सोमवार को पेश होना है। अगर दोनों आरोपी कल तक कोर्ट में पेश नहीं होते हैं, तो उनकी संपत्तियों को कुर्क कर लिया जाएगा।

तस्वीर वीरेंद्र तोमर की है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

तस्वीर वीरेंद्र तोमर की है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

प्रॉपर्टी डीलर से की मारपीट के बाद हुआ फरार

करीब दो महीने पहले प्रॉपर्टी डीलर दशमीत चावला ने रोहित तोमर के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए तेलीबांधा थाने में FIR दर्ज कराई थी। मामले के बाद से पुलिस रोहित की तलाश में जुटी हुई है।

रोहित के फरार होने के बाद उसका भाई वीरेंद्र तोमर भी गायब हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश में कई राज्यों में टीमें भेजी, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई देखकर पीड़ित पहुंच रहे थाना

हिस्ट्रीशीटर तोमर भाइयों के कई लोग शिकार हैं। आरोपियों और उनके गुर्गों का खौफ पीड़ितों में इस कदर था कि उसी शहर में रहते हुए भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराने नहीं जा पा रहे थे। लेकिन जब से पुलिस ने वीरेंद्र और रोहित पर कार्रवाई शुरू की है, तब से पीड़ितों के मन में डर खत्म हो गया है।

दोनों भाइयों के खिलाफ अब तक 6 से ज्यादा FIR दर्ज हैं, जिसमें पीड़ितों ने आरोपी रोहित तोमर और वीरेंद्र तोमर के खिलाफ अवैध वसूली, धमकी और छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम के तहत FIR दर्ज की है।

पुलिस ने सिर मुंडवाकर निकाला था जुलूस

बता दें कि, एक साल पहले रायपुर के हाइपर क्लब गोलीकांड के बाद पुलिस ने आरोपियों का सिर आधा मुंडवा कर जुलूस निकाला था। इस घटना में रोहित तोमर, विकास अग्रवाल, सारंग मांधान और अमित तनेजा गिरफ्तार हुए थे। जुलूस निकालने के दौरान उनके कपड़े भी फटे हुए थे।

निगरानी गुंडा बदमाश में है रोहित तोमर

सूदखोर रोहित तोमर निगरानी गुंडा बदमाश है। आरोपी के खिलाफ राजेंद्र नगर, तेलीबांधा, पुरानी बस्ती, कोतवाली और गुढियारी में 9 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। आरोपी सूदखोरी, मारपीट, ब्लैकमेल के मामले में जेल भी जा चुका है। सूदखोर रोहित गोल्डन मैन के नाम से जिले में मशहूर है। रसूखदारी बनी रहे, इसलिए आरोपी अपने गिरोह के साथ समय-समय पर कार्यक्रमों में भी दिखता है।

Exit mobile version