DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

दुकानदार बोला-मेयर से लेकर मंत्री तक जानते हैं मुझे:कमिश्नर ने गंदगी पर फाइन मांगा तो भड़का, कहा-आधा शहर निगम में घुसवाने की पावर रखता हूं

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में साफ-सफाई और जुर्माने की बात को लेकर निगम आयुक्त और दुकानदार के बीच जमकर बहस हो गई। आयुक्त ने जब गंदगी फैलाने पर जुर्माना मांगा तो दुकानदान भड़क गया। उसने कहा- मुझे लखनलाल देवांगन से लेकर जय सिंह अग्रवाल तक जानते हैं। महापौर से लेकर सभापति तक जानते हैं मुझे।

दुकानदार ने कहा- कुछ नहीं देने वाला हूं मैं। वैसा बोलोगे तो आधा शहर निगम में घुसवा दूंगा, इतना पावर रखता हूं मैं। कौन हूं मैं नाम पता कर लेना आप। आयुक्त और दुकानदार के बीच इस पूरे बातचीत का वीडियो भी सामने आया है।

दुकानदार के आयुक्त के साथ इस रवैए पर नगर निगम के पार्षदों ने विरोध जताया। सभी पार्षद एकजुट होकर बुधवार को कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

वहीं, सफाई कर्मचारी उत्तम दास ने बदसलूकी और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायत की है। यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, नगर निगम टीम कोरबा शहर में साफ-सफाई को लेकर कार्रवाई कर रही थी। मंगलवार को जब निगम टीम पावर हाउस रोड पर साफ-सफाई को लेकर कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान राहुल बैग दुकान के बाहर गंदगी पाए जाने पर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने दुकानदार दीपक धामेचा और अजय धामेचा जुर्माने की बात की।

जुर्माने की बात पर दुकानदार दीपक धामेचा और आयुक्त बहस हो गई। दुकानदार ने कहा- आप बोल दिए कि अब से यहां ये मत करना तो कल से नहीं दिखेगा। इस पर आयुक्त ने कहा- कचरा लेकर डलवाओ यहां।

दुकानदार ने जवाब देते हुए कहा- ले आकर डलवाकर दिखा दो कचरा, अगर ऐसे ही बात है। यहां कौन नहीं जानता मुझे। लखनलाल देवांगन से लेकर जय सिंह अग्रवाल तक जानते हैं मुझे। महापौर से लेकर सभापति तक जानते हैं मुझे।

आयुक्त ने पूछा- तुम अभी फाइन दे रहे हो या नहीं।

दुकानदार ने कहा- कुछ नहीं देने वाला हूं मैं। वैसा बोलोगे तो आधा शहर निगम में घुसवा दूंगा। कौन हूं मैं नाम पता कर लेना आप। छोटा सा दुकान देखकर ये समझना कि हल्का-फुल्का आदमी हूं।

भाई एक बार ये कहते कि अब से मत करना तो इतना समझ में आता है। लेकिन ये दो…वो दो…ये कर दूंगा…वो कर दूंगा। उस पर से धमकी दे रहे हो दुकान के आगे एक ट्रैक्टर कचरा डलवा दूंगा वो भी बदबूदार वाला। अंग्रेजों का शासन चल रहा है क्या। नगर निगम सफाई के लिए रखे हो कि कचरा गिराने के लिए रखे हो।

वहीं, सफाई कर्मचारी उत्तम दास ने कोतवाली थाने में दुकानदारों के खिलाफ शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

नगर निगम के पार्षदों ने दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।

पार्षदों ने की कार्रवाई की मांग

इधर, इस घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम के पार्षद, अधिकारी और कर्मचारी ने विरोध जताया। इस मामले को लेकर नगर निगम के पार्षदों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।

पार्षदों ने दीपक धामेचा और अजय धामेचा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। पार्षदों ने आरोप लगाया कि दोनों ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई है, इसलिए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

पार्षदों ने कहा कि नगर निगम के कर्मचारी शहर की सफाई और जनहित से जुड़े कार्यों को पूरा करने के लिए लगातार काम करते हैं। ऐसे में उनके साथ गाली-गलौज या धमकी जैसी घटनाएं गंभीर मामला है। उनका कहना है कि अगर सरकारी कर्मचारियों के साथ इस तरह का व्यवहार होगा तो इससे नगर की सफाई व्यवस्था और विकास कार्य प्रभावित हो सकते हैं।

ज्ञापन सौंपने वालों में वार्ड 21 की पार्षद कुमारी वर्मा, वार्ड 16 के रामकुमार साहू, वार्ड 36 के अजय कुमार गौड़, वार्ड 28 की रिन्मरनजीत कौर, वार्ड 17 के लक्ष्मण श्रीवास, उपसभापति संतोष सिंह ठाकुर सहित अन्य पार्षद शामिल थे। फिलहाल पार्षदों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Exit mobile version