रांची,एजेंसी। रांची के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट को पक्षी टकराने की वजह से इमरजैंसी लैंडिंग करानी पड़ी। घटना आज (सोमवार, 2 जून) दोपहर 1.14 बजे की है। TOI की रिपोर्ट के अनुसार फ्लाइट जब रांची एयरपोर्ट से कुछ दूरी पर थी, तभी उससे एक गिद्ध टकरा गया।
हादसा जिस समय हुआ, विमान लगभग 3 से 4 हजार फीट की ऊंचाई पर था। विमान से गिद्ध के टकरने पर पायलेट को 40 मिनट तक विमान को हवा में रखना पड़ा। इसके बाद रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर लैंडिंग कराई गई। टक्कर से विमान के अगले हिस्सा में डेंट आया है। फ्लाइट में 175 यात्री सवार थे, जो सभी सुरक्षित हैं।
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के डायरेक्टर आर आर मुंडा ने घटना की पुष्टि की है।

फ्लाइट के अगले हिस्से में बड़ा डेंट दिख रहा है। इसकी रिपेयरिंग रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर हो रही है।
इंजीनियर विमान की जांच कर रहे एयरपोर्ट के डायरेक्टर आरआर मौर्य ने बताया कि टक्कर के बाद पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए इमरजेंसी लैंडिंग की। इंजीनियर विमान की जांच कर रहे हैं। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि यह फ्लाइट रांची पहुंचने के बाद कोलकाता जाने वाली थी। अब रांची में ही खड़ी है और उसकी मरम्मत की जा रही है।
1 जून: रायपुर से दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट टर्बुलेंस में फंसी थी
फ्लाइट के पायलट के मुताबिक 80KMPH की रफ्तार से आंधी चल रही थी।
छत्तीसगढ़ के रायपुर से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6313 रविवार दोपहर टर्बुलेंस में फंस गई थी। दिल्ली में लैंड करने से पहले पायलट को फ्लाइट को दोबारा हवा में उड़ाना पड़ा। ऐसा दिल्ली-NCR में धूलभरी आंधी के कारण हुआ।
इसके बाद फ्लाइट ने आसमान में कई चक्कर लगाए। बाद में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से क्लियरेंस मिलने के बाद फ्लाइट सुरक्षित लैंड कराई गई। फ्लाइट के हवा में चक्कर काटने का वीडियो भी सामने आया है। इसमें नजर आ रहा है कि फ्लाइट में बैठे पैसेंजर्स घबराए हुए हैं।
21 मई: दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो की फ्लाइट टर्बुलेंस में फंसी थी
Indigo ने बताया था कि फ्लाइट ओलावृष्टि में फंस गई थी। इस वजह से इमरजेंसी के हालात बने थे।
दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2142 खराब मौसम के कारण टर्बुलेंस में फंस गई थी। फ्लाइट में तेज झटके लगने शुरू हुए थे, जिससे यात्रियों में डर पैदा हो गया था। लोग चीखने लगे थे। पायलट ने श्रीनगर के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) में जानकारी देकर इमरजेंसी लैंडिंग कराई थी।
लैंडिंग के बाद देखा गया कि फ्लाइट की नोज कोन (आगे का हिस्सा) टूट गया था। फ्लाइट में 227 यात्री और क्रू मेंबर्स थे, जो पूरी तरह सुरक्षित रहे थे। सोशल मीडिया पर टर्बुलेंस के दौरान फ्लाइट के भीतर के कई वीडियो सामने आए, जिनमें लोग अपनी जान के लिए प्रार्थना करते नजर आए थे। बच्चे रोते नजर आए थे।
