DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

CM के काफिले के सामने बच्चे को लेकर कूदी महिला: बोली-मेरा रेप हुआ, मासूम से भी की घिनौनी हरकत, अब धमकाकर बयान बदलवा रहे

बिलासपुर , एजेंसी। बिलासपुर में एक रेप पीड़िता महिला अपनी मासूम बच्चे के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के काफिले के सामने कूद गई। महिला का आरोप है कि, रेप का आरोपी उस पर कोर्ट में बयान बदलने का दबाव बना रहा है। इसके लिए उसे धमका भी दे रहा है।

महिला ने सीएम, नेताओं और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। दरअसल, शनिवार को सीएम विष्णु देव साय का बिलासपुर में एक कार्यक्रम था। इस दौरान एक रेप पीड़िता महिला काफिले के सामने बैठ गई और प्रदर्शन करने लगी। महिला ने पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में देरी करने का भी आरोप लगाया।

सीएम साय के काफिले के सामने से रेप पीड़िता महिला को हटाते पुलिसकर्मी।

सीएम साय के काफिले के सामने से रेप पीड़िता महिला को हटाते पुलिसकर्मी।

वीडियो वायरल करने की धमकी, बच्चे से भी गलत हरकत

पीड़िता महिला ने बताया कि, रेप के आरोपी किशन पटेल और उसकी पत्नी शिवकुमारी पटेल ने उसे घर में घुसकर पीटा है। आरोप है कि, जेल से छूटने के बाद आरोपी ने उसकी छोटे बच्चे के साथ भी अश्लील हरकत की। बावजूद इसके पुलिस ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं की।

पीड़िता का कहना है कि, 19 नवंबर की शाम वो अपने बच्चे के साथ घर पर थी। इसी दौरान आरोपी किशन पटेल और उसकी पत्नी उसके घर पहुंची। उन्होंने धमकी दी कि रेप की शिकायत करने के कारण उनका 10 लाख रुपए खर्च हो चुका है। जिसकी भरपाई पीड़िता को करनी होगी।

आरोपियों ने पीड़िता के खिलाफ पेशी में बयान बदलने का दबाव बनाया। ऐसा न करने पर उसकी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता का दावा है कि, जब उसने आरोपियों की बात मानने से इनकार किया तो बच्ची के सिर पर ईंट से वार भी किया गया। दोनों ने पीड़िता के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

बेलतरा विधायक ने दिया आश्वासन

महिला को हंगामा करते देख बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला वहां पहुंच गए। महिला ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। वहीं, विधायक शुक्ला ने महिला के बच्चे को गोद में उठाया और उसे पानी भी पिलाया। इस दौरान उन्होंने महिला को न्याय दिलाने का भरोसा दिया है।

पुलिस बोली-महिला की शिकायत पर चल रही जांच

पुलिस अफसरों ने बताया कि, आरोपी किशन पटेल के खिलाफ अब तक 3 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। पहले से चल रहे रेप के मामले में वो जेल में था। इसके बाद वो पैरोल में हाल ही में जेल से बाहर आया है। महिला की शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज की गई हैं, जिसकी जांच जारी है।

सीएम के काफिले के सामने बच्ची को लेकर बैठी महिला ने जमकर मचाया बवाल।

Exit mobile version