DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

शादी में आया युवक सड़क हादसे का शिकार, मौत:सक्ती के बाराद्वार में टहलते समय हुआ हादसा,चालक वाहन समेत फरार, पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही

सक्ती। सक्ती जिले के बाराद्वार नगर पंचायत में शुक्रवार शाम एक सड़क हादसे में शादी समारोह में आए एक युवक की मौत हो गई। रिसदा मोड़ के पास पैदल टहलते समय उसे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान नरेश कुमार, निवासी जपेली, जिला कोरबा के रूप में हुई है। वह अपने जीजा के घर बाराद्वार में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आया था। शुक्रवार शाम वह घर से टहलने निकला था।

रिसदा मोड़ के पास हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि रिसदा मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही नरेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने परिजनों को सूचना दी। घायल युवक को तत्काल स्थानीय चिकित्सक डॉ. पी. सिंह के पास ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज के सहारे जांच

डॉक्टर की सूचना पर बाराद्वार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हादसे में शामिल वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर फरार चालक की तलाश की जा रही है।

Exit mobile version