गांधीनगर, एजेंसी। टीवी के पॉपुलर कॉमेडी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में ‘बाघा’ का मजेदार किरदार निभाने वाले एक्टर तन्मय वेकारिया पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनके पिता और गुजराती सिनेमा के जाने-माने कलाकार अरविंद वेकारिया का निधन हो गया है. बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे. यह समय तन्मय और उनके परिवार के लिए बेहद मुश्किल भरा है, क्योंकि सिर्फ 8 महीने पहले, अक्टूबर 2025 में उन्होंने अपनी मां को भी खो दिया था. लगातार दो बड़े नुकसान ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.

Who Was Tanmay Vekaria Father Arvind Vekaria: कौन थे तन्मय के पिता अरविंद वेकारिया?
तन्मय के पिता अरविंद वेकारिया गुजराती थिएटरऔर फिल्मों के बहुत बड़े और सम्मानित कलाकार थे. उन्होंने सालों तक अपनी एक्टिंग से लोगों का दिल जीता. उन्होंने कई मशहूर गुजराती फिल्मों जैसे ‘यशोदा’, ‘छानू चमक्लो’ और ‘रुपियो नच नचावे’ में बेहतरीन काम किया था.
गुजराती फिल्मों के अलावा, उन्होंने बच्चों के पसंदीदा पुराने टीवी शो ‘शक्तिमान’ में भी काम किया था, जिसमें मुकेश खन्ना लीड रोल में थे.
Arvind Vekaria In Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah: ‘तारक मेहता…’ के शो में भी नजर आए थे पिता अरविंद
एक बहुत ही दिलचस्प बात यह है कि अरविंद वेकारिया अपने बेटे तन्मय के शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में भी एक छोटे से रोल में नजर आ चुके थे. शो की एक कहानी में जब आत्माराम भिड़े को पैसों की बहुत ज्यादा जरूरत पड़ती है, तो वह अपनी पत्नी माधवी के गहने गिरवी रखने के लिए एक सुनार की दुकान पर जाते हैं. उस कहानी में सुनार का वही रोल तन्मय के पिता अरविंद वेकारिया ने निभाया था.
कुछ दिन पहले ही शूटिंग पर रो पड़े थे ‘बाघा’
पिता के निधन से कुछ दिन पहले ही, शो की शूटिंग के दौरान तन्मय वेकारिया एक इमोशनल सीन करते हुए सेट पर ही फूट-फूटकर रो पड़े थे.उन्हें अपनी स्वर्गीय मां की याद आ गई थी और वह इतने इमोशनल हो गए कि मेकर्स को कुछ देर के लिए शूटिंग रोकनी पड़ी थी. शो के प्रोड्यूसर असित कुमार मोदी और बाकी कलाकारों ने उन्हें चुप कराया था. तन्मय ने बताया था कि उनकी मां ‘बाघा’ का हर एपिसोड बहुत चाव से देखती थीं और जब लोग उनके काम की तारीफ करते थे, तो वह बहुत खुश होती थीं.
