DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

महाराष्ट्र में CM का ऐलान नहीं, अब भाजपा पर्यवेक्षक भेजेगी:विधायकों से रायशुमारी करके नाम घोषित करेंगे; आज विधानसभा के कार्यकाल का आखिरी दिन

मुंबई, एजेंसी। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के रिजल्ट आने के 3 दिन बाद भी मुख्यमंत्री का नाम तय नहीं हो सका। इसके लिए भाजपा आज या कल पर्यवेक्षक भेजेगी, जो विधायकों से रायशुमारी करके सीएम के नाम का ऐलान करेंगे।

उधर, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात कर उनको अपना इस्तीफा सौंपा। इस दौरान डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार भी मौजूद थे।

विधानसभा का कार्यकाल आज यानी 26 नवंबर तक ही है। नए मुख्यमंत्री के शपथ की तारीख तय नहीं है। तब तक शिंदे ही कार्यवाहक CM रहेंगे। शिंदे 28 जून 2022 से 26 नवंबर 2024 तक CM रहे।

शिंदे के इस्तीफे के बाद भाजपा विधायकों की मुंबई में बैठक बुलाई गई है। इसमें फडणवीस को नेता चुना जाएगा। इसके बाद सह्याद्रि गेस्ट हाउस में शिंदे, फडणवीस और अजित प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं।

हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नए मुख्यमंत्री के लिए देवेंद्र फडणवीस का नाम लगभग फाइनल हो चुका है। आज ही उनके नाम की आधिकारिक घोषणा हो सकती है।

फडणवीस के CM बनने पर नई सरकार में पहले की ही तरह दो डिप्टी CM होंगे। NCP की ओर से अजित पवार और शिवसेना की ओर से शिंदे किसी नए विधायक का नाम आगे कर सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, नई सरकार का एजेंडा तय करने के लिए तीनों दलों की एक कमेटी बनाई जा सकती है, जिसके मुखिया एकनाथ शिंदे हो सकते हैं। हालांकि शिवसेना प्रवक्ता कृष्ण हेगड़े ने इससे इनकार किया।

केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) के अध्यक्ष रामदास अठावले ने कहा कि महाराष्ट्र का विवाद जल्द खत्म होगा। भाजपा हाईकमान ने तय कर लिया है कि देवेंद्र फडणवीस को सीएम बनाया जाएगा। एकनाथ शिंदे इससे नाराज हैं। उनकी नाराजगी दूर की जानी चाहिए। शिंदे ने अपने ढाई साल के कार्यकाल में कई काम किए। लाड़ली बहना योजना का महाराष्ट्र में काफी असर हुआ है।

भाजपा के पास इतनी सीटें (132) हैं कि वे मानेंगे नहीं। मुझे लगता है कि एकनाथ शिंदे को दो कदम पीछे करना चाहिए। देवेंद्र फडणवीस चार कदम पीछे आए थे। फडणवीस, शिंदे की अगुआई में डिप्टी सीएम थे।

अब शिंदे साहब को डिप्टी सीएम बनना चाहिए। अगर उन्हें ये ठीक नहीं लगता तो केंद्र में मंत्री बनने के लिए आगे आना चाहिए। मुझे लगता है कि इसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह विचार करेंगे।

शिंदे ने लिखा- गठबंधन एकजुट, समर्थक वर्षा बंगले या और कहीं इकट्‌ठा न हों

इस्तीफे से पहले CM एकनाथ शिंदे ने लिखा- मेरे प्रति प्यार के कारण कुछ लोगों ने सभी से एक साथ मिलकर मुंबई आने की अपील की है। मैं आपके प्यार के लिए दिल से आभारी हूं। लेकिन मैं अपील करता हूं कि कोई भी इस तरह से मेरे समर्थन में एक साथ न आए। एक बार फिर मेरा विनम्र अनुरोध है कि शिवसेना कार्यकर्ता वर्षा बंगले (सीएम का आधिकारिक निवास) या कहीं और इकट्ठा न हों।” उन्होंने कहा कि निर्णायक जीत के बाद भी गठबंधन एकजुट रहेगा।

फडणवीस ने लोगों के विश्वास के लिए उनका आभार व्यक्त किया

देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र की जनता को लिखे खुले पत्र में कहा, “महायुति की इस जीत ने आपके समर्थन के कारण ही एक नई दिशा दी है। यह सफलता हमारे महाराष्ट्र को मोदी जी के नेतृत्व में एक विकसित महाराष्ट्र के साथ एक प्रगतिशील और समावेशी भविष्य के साथ एक विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रेरित करती रहेगी।” फडणवीस ने गठबंधन में लोगों के विश्वास के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

महाराष्ट्र में हार की समीक्षा के लिए कांग्रेस की दिल्ली में बैठक शुरू

दिल्ली में नाना पटोले, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच मीटिंग शुरू। तीनों नेता महाराष्ट्र में हुई हार के कारणों की समीक्षा कर रहे हैं।

शिंदे  खुद डिप्टी CM का पद नहीं लेंगे

सूत्रों के मुताबिक, नई सरकार में एकनाथ शिंदे खुद डिप्टी CM का पद नहीं लेंगे। वे पार्टी के ही किसी विधायक का नाम आगे बढ़ाएंगे। सरकार का एजेंडा तय करने के लिए तीनों दलों की समिति बनाई जा सकती है, जिसके मुखिया एकनाथ शिंदे हो सकते हैं।

शिक्षा मंत्री केसरकर बोले- नई सरकार पर मोदी-शाह का निर्णय सर्वमान्य

दीपक केसरकर शिंदे सरकार में शिक्षा मंत्री थे।

दीपक केसरकर शिंदे सरकार में शिक्षा मंत्री थे।

महाराष्ट्र के शिक्षा मंत्री और शिवसेना शिंदे गुट के विधायक दीपक केसरकर ने कहा- मुख्यमंत्री ने इस्तीफा दे दिया है। राज्यपाल ने उन्हें कार्यवाहक सीएम के रूप में काम करने को कहा है। जल्द ही नई सरकार का गठन होगा। बीजेपी के विधायक दलों की बैठक के बाद तीनों दल के नेता बैठेंगे उसके बाद आगे का फैसला लिया जाएगा।

रें

Exit mobile version