गेवरा, दीपका, कुसमुंडा और कोरबा क्षेत्र का गहन दौरा, अस्पताल और VTC की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
HMS कार्यालय में संघ के पदाधिकारियों संग बैठक, 12वें वेतन समझौते और सदस्यता सत्यापन पर रणनीति तय

कोरबा। कोल इंडिया सेफ्टी बोर्ड के सदस्य और हिंद मजदूर सभा (HMS) के वरिष्ठ नेता अख्तर जावेद उस्मानी का 16 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक एसईसीएल के गेवरा, दीपका, कुसमुंडा एवं कोरबा क्षेत्र का विस्तृत दौरा जारी है। दौरे के दौरान उन्होंने सीधे खदानों वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर (VTC) और गेवरा अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की ।
अस्पताल और प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने पर जोर
गेवरा अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उस्मानी ने कार्यरत नर्सिंग व पैरा-मेडिकल स्टाफ से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना, उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के साथ-साथ कर्मचारियों के प्री-एम्प्लॉयमेंट मेडिकल एग्जामिनेशन (PME) और VTC में दी जाने वाली ट्रेनिंग की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने की सख्त आवश्यकता जताई ।
ज्वलंत मुद्दों पर विस्तृत चर्चा
दिनांक 20 अगस्त 2026 की शाम गेवरा स्थित HMS कार्यालय में गेवरा-दीपका कुसमुंडा और कोरबा क्षेत्र के कोयला मजदूर पंचायत संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, बैठक में अख्तर जावेद उस्मानी ने कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी ।
महिला कर्मचारियों की सुरक्षा व सुविधाएं
कार्यस्थल पर महिलाओं की समस्याओं और उन्हें मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की गई ।
माइनिंग स्टाफ का प्रमोशन व विसंगतियां
माइनिंग सरदारों के जूनियर ओवरमैन पद पर प्रमोशन में आ रही विसंगतियों, रिस्ट्रिक्टेड सर्टिफिकेट होल्डर ओवरमैन के प्रमोशन और मिलने वाले चार्ज अलाउंस पर विस्तृत चर्चा हुई।
12वां वेतन समझौता व सीक्रेट बैलेट
12वें वेतन समझौते के लिए नेगोशिएशन काउंसिल गठन हेतु आगामी सीक्रेट बैलेट वोटिंग पर रणनीति साझा की गई, साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन में बढ़ते भारी अंतर व प्रबंधन की गलत नीतियों पर जमकर निशाना साधा गया ।
कर्मचारियों के लिए संघर्ष ही संगठन की पहचान
बैठक को संबोधित करते हुए उस्मानी ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों के लिए प्रबंधन से टकराना ही हमारा मुख्य उद्देश्य है। संगठन को सिर्फ ठोस काम और निरंतर संघर्ष के बल पर ही मजबूत बनाया जा सकता है ।
उन्होंने आगामी सदस्यता सत्यापन में HMS से संबद्ध कोयला मजदूर पंचायत को अधिक से अधिक मजबूत करने और एकजुट होकर कार्य करने का निर्देश दिया। बैठक में चारों क्षेत्रों के बड़ी संख्या में पदाधिकारी व निष्ठावान कार्यकर्ता मौजूद रहे ।
