DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

उद्धव-कांग्रेस के बीच 7 सीटों पर अनबन:कल तक हो सकता है सीट बंटवारा, कांग्रेस की पहली लिस्ट भी जारी होगी

नई दिल्ली,एजेंसी। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 288 सीटों पर महाविकास अघाड़ी (MVA) के बीच सीट शेयरिंग अभी फाइनल नहीं हुई है। लगभग 17 सीटों पर सहमति नहीं बन पाई है। वहीं विदर्भ की 7 सीटों पर उद्धव गुट और कांग्रेस अपना-अपना दावा कर रही है।

इस बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने सोमवार को कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की पहली लिस्ट कल घोषित की जाएगी। साथ ही महाविकास अघाड़ी की सीटों का बंटवारा भी कल हो जाएगा।

कांग्रेस नेता बोले- तीन पार्टियों में सीट बंटवारे में समय लगता

महाराष्ट्र विधानसभा में अपोजीशन लीडर और कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि, महाविकास अघाड़ी में अंतिम 17 सीटों पर चर्चा बाकी है। हमारा कुछ सीटों पर ठाकरे गुट के साथ विवाद चल रहा है। गठबंधन में तीन पार्टियां हैं। तीन दलों के बीच सीट शेयरिंग में समय लगता है। वडेट्टीवार ने यह भी कहा कि हम असंतुष्ट कार्यकर्ताओं को समझेंगे और महाविकास अघाड़ी के साथ ही चुनाव लड़ेंगे।

अखिलेश ने MVA से 12 सीटें मांगी

समाजवादी पार्टी (सपा) ने महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी (MVA) से 12 सीटें मांगी हैं। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार को धुले विधानसभा सिटी सीट से उम्मीदवार की घोषणा की। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा- हमने MVA से 12 सीटें मांगी हैं। सीटों की डीटेल्स भी उन्हें भेज दी गई हैं।

इससे पहले पार्टी ने शुक्रवार को भिवंडी पूर्व से मौजूदा विधायक रईस शेख, भिवंडी पश्चिम से रियाज आजमी और मालेगांव मध्य से शान-ए-हिंद को प्रत्याशी बनाया था। सपा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अबू आसिम आजमी ने बताया- हमने पांच उम्मीदवारों की घोषणा की है ताकि MVA को पता चले कि हम यहां मजबूत हैं, वरना वे बैठक में बताएंगे कि आपका उम्मीदवार मजबूत नहीं है।

महाराष्ट्र भाजपा की 99 कैंडिडेट्स की पहली लिस्ट, 89 पुराने:इनमें 10 SC-ST, 13 महिलाएं

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को बीजेपी ने 99 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इनमें 6 सीटें एसटी और 4 सीटें एससी के लिए हैं। वहीं, 13 सीटों पर महिलाओं को टिकट दिया गया है। 10 उम्मीदवार पहली बार चुनाव लड़ेंगे। मौजूदा तीन निर्दलीय विधायकों को भी भाजपा ने टिकट दिया है।

डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिम से, महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले कामठी से लड़ेंगे। महाराष्ट्र के पूर्व CM अशोक चव्हाण की बेटी श्रीजया चव्हाण को भोकर और पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे के बेटे संतोष दानवे को भोकरदन सीट से टिकट दिया गया है। पार्टी ने 3 मौजूदा विधायकों का टिकट काटा है।

  • 3 निर्दलीय को भी टिकट
  •  भाजपा की पहली लिस्ट में तीन निर्दलीय महेश बाल्दी (उरान), राजेश बाकाणे (देवली), विनोद अग्रवाल (गोंदिया) शामिल हैं।
  • लोकसभा चुनाव हारे 2 को टिकट 
  • मई महीने में चंद्रपुर सीट से लोकसभा चुनाव हारे सुधीर मुनगंटीवार को बल्लारपुर विधानसभा और मिहिर कोटेचा को मुलुंड सीट से टिकट मिला है।
  • 2 भाइयों को मिला टिकट 
  • मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार को बांद्रा पश्चिम से और उनके भाई विनोद शेलार को मलाड पश्चिम से टिकट मिला।

विधानसभा अध्यक्ष नार्वेकर कोलाबा से लड़ेंगे

विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को कोलाबा से और नितेश राणे को कंकावली से चुनाव लड़ेंगे। नार्वेकर शिवसेना और NCP विधायकों की सदस्यता खत्म नहीं करने को लेकर विपक्ष के निशाने पर रहे हैं। नितेश राणे मुस्लिम विरोधी बयानों को लेकर विवादों में हैं। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण की सीट कराड दक्षिण से अतुल भोसले को और छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज शिवेंद्रराजे भोसले को सातार से उम्मीदवार बनाया गया है।

Exit mobile version